प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक मई को बोकारो के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा द्वारा विभिन्न थानों का निरीक्षण किया गया।
जानकारी के अनुसार जिला के हद में चन्द्रपुरा, नावाडीह, पेंक-नारायणपुर, बोकारो थर्मल थाना एवं कथारा ओपी का एसपी द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। इस अचानक निरीक्षण से थाना स्तर पर कार्यरत पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों में सक्रियता देखी गई।
बताया जाता है कि निरीक्षण के क्रम में एसपी ने प्रत्येक थाना क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, अपराध की प्रकृति, संवेदनशील स्थानों की पहचान एवं सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने विशेष रूप से संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित गश्ती बढ़ाने, रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव (सीरिस्ता), मालखाना, हाजत एवं आगंतुक कक्ष का भी निरीक्षण किया। एसपी ने उपरोक्त थाना व् ओपी प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी अभिलेख अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखें जाएं, ताकि किसी भी मामले में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित थाना प्रभारियों एवं अन्य पदाधिकारियों से लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही वारंट, इस्तेहार एवं कुर्की से संबंधित मामलों में तेजी लाने और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। एसपी ने आम जनता से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने पर बल देते हुए कहा कि जन शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं विधि सम्मत समाधान किया जाना चाहिए, ताकि आम जनों का पुलिस प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।
उन्होंने पासपोर्ट सत्यापन एवं चरित्र प्रमाण पत्र से संबंधित मामलों को भी समयबद्ध तरीके से निष्पादित करने के निर्देश दिए, जिससे आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा, उन्होंने प्रत्येक थाना में सप्ताह में एक दिन थाना दिवस का आयोजन अनिवार्य रूप से करने को कहा। इस दौरान आम जनता सीधे अपनी समस्याएं पुलिस के समक्ष रख सकेगी और मौके पर ही समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की सलाह देते हुए कहा कि पुलिस की छवि जनता के बीच मित्रवत एवं भरोसेमंद होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही या उदासीनता बरतने वाले पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी के औचक निरीक्षण से पुलिस प्रशासन में जवाबदेही बढ़ी है और उम्मीद जताई जा रही है कि इससे जिले में कानून-व्यवस्था और बेहतर होगी तथा आम जनता को त्वरित न्याय और सुरक्षा का लाभ मिलेगा।
![]()













Leave a Reply