Advertisement

सबलपुर पछियारी में बोल्डर पीचिंग स्थल के पास गंगा में डूबा 20 वर्षीय युवक

स्नान के लिए लगाया था डुबकी, तीन घंटे की तलाशी में शव बरामद

प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर थाना क्षेत्र के सबलपुर दियारा में बीते 27 जून की शाम गंगा नदी में स्नान के दौरान डूबने से मृत 20 वर्षीय युवक उत्पल शर्मा के शव को बरामद कर लिया गया है।एसडीआरएफ की गोताखोर खोजी टीम ने 28 जून को तीन घंटे की तलाशी के दौरान शव को बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।

बताया जाता है कि सबलपुर पछियारी पंचायत में चल रहे बोल्डर पीचिंग (कटाव निरोधक) कार्य स्थल के समीप गंगा नदी में स्नान करने के दौरान उक्त युवक डूब गया था, परन्तु उसका शव बरामद नहीं किया जा सका था। उत्पल शर्मा उर्फ ‘हर्ष’ की डूबने से मौत हो गई।

घटना के बाद दूसरे दिन 28 जून की सुबह 9 बजे मढ़ौरा से आई एनडीआरएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में शव की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया, जिसमें उसे अपराह्न बारह बजे सफलता मिली। शव बरामद कर लिया गया। बताया जाता है कि शाम करीब 5 बजे सबलपुर बभनटोली वार्ड नंबर -5 रहिवासी श्रीराम शर्मा का 20 वर्षीय पुत्र उत्पल शर्मा अपने दो साथियों के साथ गंगा नदी में स्नान करने गया था। स्नान के दौरान गहराई में चले जाने के कारण दो युवक डूबने लगे। वहां काम कर रहे मजदूरों ने तत्परता दिखाते हुए गमछा फेंककर एक डूबते युवक (अरुण शर्मा के पुत्र अभिषेक शर्मा) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, तीसरा युवक अंशुमान नदी में नहीं उतरने के कारण सुरक्षित बच गया। दुर्भाग्यवश, उत्पल शर्मा पानी के तेज बहाव में नीचे दब गया और लापता हो गया।

स्थानीय प्रशासन और सोनपुर अंचलाधिकारी को घटना की सूचना बीते 27 जून को ही दे दी गई थी, लेकिन सोनपुर में एसडीआरएफ की टीम तैनात न होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका। दूसरे दिन सुबह लगभग 9 बजे सारण जिला के हद में मढ़ौरा से एसडीआरएफ की टीम खोजी नाव (बोट) के साथ मौके पर पहुंची और नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। सोनपुर पुलिस भी सब-इंस्पेक्टर सीता कुमारी के नेतृत्व में घटनास्थल पर कैंप कर परिजनों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की।

मौके पर सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत के सरपंच दिलीप सिंह, पूर्व मुखिया व भाजपा दक्षिणी मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, महासचिव अविनाश कुमार, जिला पार्षद सुनील कुमार राय, डॉ पप्पू शर्मा, अनुपम कुमार चंदन समेत भारी संख्या में ग्रामीण रहिवासी मौजूद थे।

घर का इकलौता चिराग था उत्पल, सदमे में बीमार पिता

ज्ञात हो कि उत्पल अपने माता-पिता की आखिरी और इकलौती संतान था। इससे पहले उसके एक भाई और एक बहन की भी मृत्यु हो चुकी है। इकलौते बेटे की मौत की खबर से घर-परिवार में कोहराम मच गया है। उत्पल के पिता श्रीराम शर्मा पहले से ही बीमार चल रहे हैं। इस वज्रपात के बाद वे गहरे सदमे में हैं। पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक उत्पल को पेड़-पौधों और फूलों का बेहद शौक था। उसने अपने घर के दरवाजे पर फूलों की ऐसी-ऐसी दुर्लभ किस्में (वैरायटी) लगा रखी हैं, जो आमतौर पर किसी बड़ी नर्सरी में भी देखने को नहीं मिलतीं। उसकी इस रुचि के कारण गांव के रहिवासी उसे बेहद पसंद करते थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *