अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में हरिहरक्षेत्र सोनपुर स्थित ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर में शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ भक्तिमय वातावरण में किया गया। ज्ञात हो कि 11 अक्टूबर को माता आदिशक्ति दुर्गा के आगमन पर मंदिर परिसर में विधि-विधान से कलश स्थापना की गई और नौ दिवसीय विशेष अनुष्ठान एवं दुर्गा पाठ प्रारंभ किया गया।
जानकारी के अनुसार पूजन का शुभारंभ मुख्य अर्चक आचार्य सुशील चंद्र शास्त्री द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। इस अवसर पर हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं पुजारीगण उपस्थित रहे। कलश स्थापना के बाद से मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। मंदिर न्यास के अनुसार, यह विशेष पूजा-अनुष्ठान दुर्गानवमी, आगामी 19 अक्टूबर तक चलेगा। इस अवधि में भक्तों को बाबा हरिहरनाथ और मां दुर्गा के विशेष श्रृंगार के दर्शन होंगे। नवमी के दिन महा हवन के बाद सायं काल भव्य श्रृंगार दर्शन का आयोजन किया जाएगा।
कहा गया कि अनुष्ठान की पूर्णाहुति के अगले दिन 20 अक्टूबर को विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। न्यास समिति ने नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
![]()













Leave a Reply