रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के सेक्टर छह स्थित डेली मार्केट में 6 सितंबर की सुबह लगभग 6 बजे भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से यहां स्थित 7 से 8 दुकानें जलकर खाक हो गईं। इस घटना में दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन किया जा रहा है।
बताया जाता है कि आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को अपनी दुकानों में रखे सामान निकालने का मौका तक नहीं मिल सका।
घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर-6 थाना प्रभारी संगीता कुमारी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल पर जुटी भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। आग लगने के कारणों को लेकर स्थानीय रहिवासियों ने शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
बताया जाता है कि आग की चपेट में मिठाई की दुकान, पूजा सिटी गोल्ड, सैलून दुकान, दुर्गा ग्लास, विशन सेंटर समेत अन्य दुकानें शामिल हैं। प्रसाद मिठाई दुकान की भी तीन दुकानें जलने की बात सामने आई है। आग में दुकानों के अंदर रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग लगन की घटना के बाद पीड़ित दुकानदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। दुकानदारों ने बताया कि वे सभी अपने घरों में सो रहे थे। अचानक आग लगने की सूचना मिलने पर वे तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।
दुकानदारों ने बताया कि विश्वकर्मा पूजा नजदीक होने के कारण दुकानों में ऑर्डर का काफी सामान मंगाया गया था। दुकान में 10 हजार नगद भी था। आग में वह पूरा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित दुकानदारों ने कहा कि उनकी वर्षों की मेहनत और जीवन भर की कमाई इस आग में खत्म हो गई।
एक दुकानदार ने भावुक होकर कहा कि वे घर में सोए थे। अचानक आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे तो आग इतनी बेकाबू थी कि अंदर रखा कोई सामान नहीं बचा सके। विश्वकर्मा पूजा का ऑर्डर का सामान भी आया हुआ था। सब कुछ जलकर राख हो गया। हमारा जीवन भर का सहारा यही दुकानें थीं। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और पुलिस व संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है।
![]()













Leave a Reply