Advertisement

सावन के चौथे व् अंतिम सोमवारी पर हरिहरनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

बाबा हरिहरनाथ एवं गंगा मैया की जयकार से गूंजा मंदिर परिसर

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पवित्र श्रावण मास के चौथे और अंतिम सोमवार के अवसर पर सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित सुप्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर में 24 अगस्त को श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ी। बाबा हरिहरनाथ एवं गंगा मैया की जयकार से पुरा मंदिर परिसर गुंज उठा।

बतया जाता है कि अंतिम सोमवारी को तड़के 3 बजे ब्रह्म मुहूर्त में बाबा हरिहरनाथ का मंगलाचरण और नित्य रुद्राभिषेक संपन्न किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं द्वारा सुगमता से जलार्पण हेतु मंदिर में अरघा लगाया गया और पट खोल दिए गए। मंदिर परिसर का कपाट खुलते ही संपूर्ण मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

इस अवसर पर लाखो कांवरियों एवं दर्शनार्थियों ने बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर पवित्र गंगाजल से जलाभिषेक किया। हरि और हर अर्थात भगवान विष्णु और भगवान शिव के इस अद्वितीय संगम स्थल पर उमड़ा यह जनसैलाब सनातन धर्म की गहरी आस्था, अटूट विश्वास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अलौकिक दृश्य प्रस्तुत कर रहा था। श्रावणी मेले की अंतिम सोमवारी पर उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए सारण जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा।

सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आज सुबह 4 बजे से ही सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार स्वयं मंदिर परिसर में कैंप कर स्थिति की निगरानी कर रहे थे। प्रशासन की सीधी निगरानी और चाक-चौबंद व्यवस्था के कारण श्रद्धालु कतारबद्ध होकर शांतिपूर्ण ढंग से बाबा हरिहरनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करते रहे। संध्याकालीन बेला में बाबा हरिहरनाथ का भव्य श्रृंगार आरती किया गया। जिसमें हजारों भक्तों ने श्रृंगार दर्शन व आरती में भाग लिया। शिव भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *