Advertisement

शिक्षक दिवस पर विद्यालयों में उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती सह शिक्षक दिवस के अवसर पर बीते 5 सितंबर को बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड क्षेत्र के दो विद्यालयों यथा महलीबांध स्थित नव उत्क्रमित मध्य विद्यालय टड़ियापार तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय बांध कॉलोनी में सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में बांध पंचायत के मुखिया मुरली देवी के पुत्र सह समाजसेवी बबलू कुमार यादव शामिल हुए। उन्होंने छात्र-छात्राओं के साथ संयुक्त रूप से डॉ राधाकृष्णन का जन्मदिन और शिक्षक दिवस मनाया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी और जीवन में सफलता के लिए जरूरी मार्गदर्शन के मुख्य बिंदुओं पर प्रकाश डाला।

शिक्षक दिवस के अवसर पर उपरोक्त दोनों विद्यालयों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों के बीच मिठाइयां वितरित कर खुशियां बांटी गई। इस दौरान नव उत्क्रमित मध्य विद्यालय टड़ियापार परिसर में पेयजल समस्या के समाधान के लिए लगाए गए नए चापानल का विधिवत उद्घाटन भी किया गया, जिससे छात्र-छात्राओं में काफी हर्ष देखा गया।

मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक थानू रविदास, ब्रज बिहारी साव, सहायक अध्यापक गणेश यादव, अनिता कुमारी, सुमित्रा देवी, अभय भूषण दुबे, प्रबंध समिति की अध्यक्ष सीमा देवी, बबीता देवी सहित समिति के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *