Advertisement

वारंटियों एवं फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली

प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर बेरमो अनुमंडल क्षेत्र में अपराधियों, वारंटियों एवं फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए गए समकालीन अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

जिला के हद में बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय तेनुघाट में 14 अक्टूबर को आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह ने अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के लिए बेरमो अनुमंडल क्षेत्र में 48 छापामारी दल गठित किए गए थे। इसमें 59 पुलिस पदाधिकारी और 100 पुलिसकर्मी, कुल 159 पुलिसकर्मी शामिल थे। टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों के 99 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 14 वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जबकि 19 वारंटों का निष्पादन किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में बेरमो थाना से एक, बोकारो थर्मल थाना से दो, चंद्रपुरा थाना से चार, दुग्दा थाना से एक, कथारा ओपी से एक, रहावन ओपी से दो, जरीडीह थाना से एक तथा पेटरवार थाना से दो आरोपी शामिल हैं। एसडीपीओ सिंह ने कहा कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान से अपराध पर अंकुश लगाने और अपराधियों में पुलिस का भय कायम करने में मदद मिलेगी।

चंद्रपुरा चोरीकांड का भी खुलासा

जिला के हद में चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के डीवीसी कॉलोनी स्थित क्वार्टर संख्या एफ/डी-05 में बीते माह 29 सितंबर को दिन दहाड़े हुई चोरी के मामले का पुलिस ने उद्भेदन किया है। पीड़ित द्वारा करीब 40 लाख रुपये के जेवरात और एक लाख रुपये नकद चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। कांड के शीघ्र उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने रोहित कुमार और विजय कुमार को कमला माता मंदिर पहाड़ी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी का कुछ सामान और 5,500 रुपये नकद बरामद किए गए। दोनों को 30 सितंबर को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आगे छापेमारी करते हुए बीते 13 अक्टूबर को मो. दानिश, शाहिल उर्फ कारू तथा विधि-विरुद्ध किशोर समीर मंसूरी को चंद्रपुरा के निमिया मोड़ स्टेशन रोड से गिरफ्तार किया। इनके पास से चोरी का सामान भी बरामद किया गया। प्रेस वार्ता में जरीडीह अंचल पुलिस निरीक्षक शैलेंद्र सिंह, चंद्रपुरा थाना प्रभारी श्रीनिवास कुमार सिंह, अरविंद कुमार सहित विभिन्न थाना प्रभारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *