Advertisement

वनवासी कल्याण केंद्र बोकारो महानगर महिला समिति द्वारा 101 कन्याओं का पूजन

पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने दिया नारी सम्मान का संदेश

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के रुकाम गांव में वनवासी कल्याण केंद्र झारखंड की बोकारो महानगर महिला समिति के तत्वावधान में 16 अक्टूबर को कन्या पूजन उत्सव का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। कार्यक्रम में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर 101 कुमारी कन्याओं का पूजन कर उन्हें प्रसाद ग्रहण कराया गया तथा वस्त्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आयोजकों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने पूर्व विधायक सहित महिला समिति के पदाधिकारियों का पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज के साथ स्वागत किया। वहीं, गांव के पुजारी नईखे हेंब्रम को भी महानगर महिला समिति की ओर से गमछा भेंटकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि कन्या पूजन भारतीय संस्कृति और नारी सम्मान का प्रतीक है। कन्याओं का सम्मान हमारी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों की पहचान है। उन्होंने कहा कि भारतीय सनातन परंपरा में कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप माना गया है। कन्या पूजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि नारी शक्ति के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने का माध्यम है। कहा कि जिस समाज में बेटियों का सम्मान होता है, वही समाज वास्तव में सभ्य, संस्कारी और समृद्ध माना जाता है। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार, समाज और राष्ट्र की शक्ति हैं।

बेटियों के प्रति भेदभाव समाप्त कर उन्हें समान सम्मान और अधिकार देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वनवासी कल्याण केंद्र और महिला समिति की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम समाज के लिए प्रेरणादायक है।
पूर्व विधायक डॉ महतो ने मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। साथ ही, कन्याओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके सम्मान और सशक्तीकरण पर जोर दिया।

कन्या पूजन कार्यक्रम में संघ चालक रंजीत बरनवाल, विभाग संगठन मंत्री विजय केसरी, भरत बरनवाल, कामेश्वर ठाकुर, जिला संगठन मंत्री आलोक कुमार मांझी, महानगर महिला समिति की अध्यक्ष उषा पोद्दार, सीमा बरनवाल, सह सचिव यसोदा बरनवाल, पेटरवार प्रखंड अध्यक्ष पंकज कुमार सिन्हा, कसमार प्रखंड अध्यक्ष लालमोहन हेंब्रम, कल्याणी गुप्ता एवं खुशबू कुमारी सहित अन्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में बाल संस्कार केंद्र के आचार्यों का सराहनीय योगदान रहा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *