एस. पी. सक्सेना/बोकारो। शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को बोकारो जिला के हद में डायट पिण्ड्राजोरा में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया।
जानकारी के अनुसार शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) पिण्ड्राजोरा के सभागार में जिला स्तरीय भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। जिले के शैक्षणिक विकास, परीक्षा प्रश्न पत्र निर्माण, दक्षता संवर्धन प्रशिक्षण और नवाचार के क्षेत्र में अप्रतिम योगदान देने वाले शिक्षकों के सम्मान में इस समारोह का आयोजन किया गया था। पूरे कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों की कर्तव्यनिष्ठा और उनके द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।
समारोह का विधिवत शुभारंभ बोकारो के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) प्रवीण रंजन एवं डायट के प्राचार्य सुनील शेखर कुजूर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके उपरांत भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान दार्शनिक और प्रख्यात शिक्षाविद डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
इस अवसर पर सभागार को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की मजबूत रीढ़ हैं। आज का दिन उन सभी गुरुजनों के त्याग, निष्ठा और समर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है जो विपरीत परिस्थितियों में भी बच्चों के सर्वांगीण विकास और उन्हें जिम्मेदार बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं। उन्होंने कहा कि बोकारो जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में शिक्षकों की सक्रिय भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है।
डायट पिंड्राजोड़ा के प्राचार्य सुनील शेखर कुजूर ने अपने संबोधन में कहा कि आधुनिक समय में शिक्षा के बदलते परिवेश में शिक्षकों की भूमिका और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई है। ऐसे में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति और समय की मांग के अनुरूप खुद को दक्ष बनाना आवश्यक है। उन्होंने जिले के शिक्षकों द्वारा विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों और प्रशिक्षणों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने के लिए आभार जताया।
समारोह के दौरान विभिन्न शैक्षणिक पैमानों पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को अलग-अलग श्रेणियों में मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। इस क्रम में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले अजय कुमार ठाकुर को प्रथम जिला का उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान एंव विनोद बिहारी विश्वकर्मा को द्वितीय विशेष सम्मान दिया गया।
समारोह का मुख्य आकर्षण जिला स्तरीय चयनित राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार श्रेणी के अंतर्गत चयनित शिक्षकों का सम्मान रहा। इस श्रेणी में विद्यालय स्तर पर उल्लेखनीय नवाचार और निष्ठावान शिक्षण कार्य करने वाले उत्क्रमित उच्च विद्यालय पुन्नू के शिक्षक अजय कुमार ठाकुर एवं विनोद बिहारी विश्वकर्मा को मंच पर विशिष्ट सम्मान प्रदान किया गया। दोनों शिक्षकों को मुख्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से प्रशस्ति पत्र, विशिष्ट स्मृति चिन्ह, शॉल और 1,5000 रुपये की नकद सम्मान राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
ज्ञात हो कि ठाकुर को रेल समन्वयक के लिए भी सम्मानित किया गया। सभागार में उपस्थित सभी शिक्षकों एवं अतिथियों ने करतल ध्वनि से उनका उत्साहवर्धन किया।
सम्मान प्राप्त करने के पश्चात शिक्षकों ने विभाग एवं डाइट प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। जिलास्तरीय राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार श्रेणी में चयनित शिक्षक ठाकुर ने कहा कि यह सम्मान व्यक्तिगत न होकर पूरे विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और सभी साथी शिक्षकों के साझा प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ऐसा सम्मान शिक्षकों में अपने कर्तव्य के प्रति नया उत्साह और ऊर्जा भरता है तथा भविष्य में बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
जिले में बच्चों की मासिक एवं आवधिक शैक्षणिक प्रगति के मूल्यांकन को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से संचालित रेल (रेगुलर असेसमेंट फॉर इम्प्रूवड लर्निंग) परियोजना के तहत मानक प्रश्न पत्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कुल 92 शिक्षकों को मंच पर प्रशस्ति पत्र, शिल्ड (स्मृति चिन्ह) एवं अंगवस्त्र/शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्तरीय प्रश्न पत्रों के निर्माण से छात्र-छात्राओं में विश्लेषणात्मक समझ और नियमित अध्ययन की आदत विकसित हुई है। शिक्षकों के निरंतर व्यावसायिक विकास हेतु आयोजित सतत व्यावसायिक विकास कार्यक्रम (सी-सीपीडी) 2025-26 के सफल क्रियान्वयन में मास्टर ट्रेनर (प्रशिक्षक) के रूप में अहम योगदान देने वाले 13 उत्कृष्ट शिक्षकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इन मास्टर ट्रेनर्स ने जिले भर के हजारों शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण प्रणालियों, डिजिटल शिक्षण सामग्री तथा बाल-केंद्रित अध्यापन तकनीकों से सुसज्जित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह में डाइट पिण्ड्राजोरा के व्याख्यातागण, संकाय सदस्य, जिले भर से आए चयनित शिक्षक-शिक्षिका उपस्थित रहे। संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन डायट प्रभार राकेश कुमार सिंह ने सफलतापूर्वक किया गया। राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ सम्मान समारोह का विधिवत समापन किया गया।
![]()













Leave a Reply