Advertisement

राष्ट्रीय खेल दिवस पर हाजीपुर में छात्राओं ने बिखेरी खेल प्रतिभा

स्वच्छता, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन पर जागरूकता संवाद

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर स्थित राज्य संपोषित बालिका उच्च विद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को खेलकूद, अभिभावक-शिक्षक संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि हाजीपुर नगर परिषद अध्यक्ष डॉ संगीता कुमारी थी।

कार्यक्रम में छात्राओं ने स्पून रेस, बैलेंस गेम, म्यूजिकल चेयर और सुई-धागा रेस जैसी कौशल आधारित प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी एकाग्रता, संतुलन व आत्मविश्वास का परिचय दिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा प्रमाण-पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
विजेता छात्राओं में स्पून रेस में प्रथम सानिया, द्वितीय नेमत खान व् तृतीय मुन्नी कुमारी, बैलेंस गेम में प्रथम सोनाली कुमारी, द्वितीय सानिया व् तृतीय सोनाक्षी शामिल हैं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि नप अध्यक्षा डॉ संगीता कुमारी ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक मजबूती, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा, स्वच्छता और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना समाज व प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है।

इस दौरान छात्राओं ने उनसे स्वच्छता, शहर की साफ-सफाई, आपदा प्रबंधन, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं से जुड़े सवाल पूछे, जिसका उन्होंने गंभीरता से उत्तर दिया और सहयोग का आश्वासन दिया। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्या डॉ केकी कृष्ण ने इस अवसर पर कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस युवाओं में खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि खेल का मैदान जीवन का सबसे सुंदर प्रशिक्षण स्थल है, जहां जीत आत्मविश्वास देती है और हार आगे बढ़ने की प्रेरणा। उन्होंने छात्राओं को नियमित खेल, स्वच्छता और सुरक्षा को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्या ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और अपनी पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। छात्राओं ने मुख्य अतिथि को सुरक्षा कवच सूत्र बांधकर सुरक्षा और सम्मान का भाव व्यक्त किया। इसी क्रम में अभिभावक-शिक्षक बैठक का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं की उपस्थिति, अनुशासन और शैक्षणिक प्रगति पर सार्थक चर्चा हुई। कार्यक्रम का संचालन राजेश और शुभांगी ने किया। आयोजन में शिक्षिका नूतन कुमारी, अर्चना कुमारी, सविता कुमारी, विभा रानी, गोपाल कृष्ण सहित सभी शिक्षकों का सहयोग रहा। अंत में विज्ञान शिक्षिका अनिता शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *