Advertisement

मालगाड़ी के नीचे से पटरी पार करने के दौरान चपेट में आकर अधेड़ घायल

विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। धनबाद रेल मंडल के बोकारो थर्मल तथा गोमिया के बीच हजारी में मालगाड़ी के नीचे से पटरी पार करने के दौरान चपेट में आने से एक अधेड़ बुरी तरह घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया है। अधेड़ की हालत गंभीर बतायी जा रही है।

जानकारी के अनुसार 2 सितंबर को बोकारो जिला के हद में गोमिया-बोकारो थर्मल के बीच रेल लाइन पर हजारी रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक अधेड़ की जरा सी चूक ने उसे मौत के मुंह में धकेल दिया था। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद राहगीरों की तत्परता से उसकी जान बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वांग रहिवासी भुनेश्वर यादव को रेलवे पटरी के दूसरी ओर जाना था। उस समय रेल पटरी पर एक मालगाड़ी खड़ी थी। जल्दबाजी में भुनेश्वर ने मालगाड़ी को गुजरने देने के बजाय मालगाड़ी के नीचे से होकर पटरी पार करने का खतरनाक फैसला ले लिया। प्रत्यक्षदर्शीयों के अनुसार वह अभी आधे रास्ते में ही था कि अचानक खड़ी मालगाड़ी चल पड़ी।

बताया जाता है कि अचानक मालगाड़ी चलने से अफरा-तफरी मच गई। तबतक भुनेश्वर मालगाड़ी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी चीख सुनकर आसपास के रहिवासी दौड़कर मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें बाहर निकाला। घटना के तुरंत बाद स्थानीय रहिवासियों ने मानवता की मिशाल पेश करते हुए घायल को संभाला और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोमिया पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है।
बताया जा रहा है कि उसके पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई है। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *