Advertisement

मामा की पिस्तौल से चली गोली से 3 साल के मासूम भांजे की मौत

प्रहरी संवाददाता/बोकारो। बोकारो में 17 अक्टूबर को घटित एक दर्दनाक हादसा ने सबको झकझोर दिया। यहां एक मामा की पिस्तौल से चली गोली से 3 साल के मासूम भांजे की मौत हो गयी है।

जानकारी के अनुसार जिला के हद में माराफारी थाना क्षेत्र के करनाल मार्केट रांची मोहल्ला में घर में खेल रहे 3 साल 4 महीने के मासूम साहिल की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

बताया जाता है कि नन्हा साहिल घटना की सुबह अपने मामा राजेश कुमार से चॉकलेट खाने की जिद कर रहा था। इस दौरान उसके मामा ने अपनी पिस्तौल भांजा साहिल को खेलने के लिए दे दी। तभी पिस्तौल से अचानक गोली चल गई, जो बच्चे के सिर में जा लगी। गोली लगने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में परिजन उसे बोकारो जनरल अस्पताल ले गये। वहां से उसे चास स्थित मुस्कान अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, बच्चे की जान नहीं बचाई जा सकी।

मृतक की मां ने बताया कि राजेश का घर में अक्सर आना-जाना था। मामा और भांजे के बीच काफी लगाव था और वह बच्चे को बहुत प्यार करते थे। हालांकि, मामा के पास पिस्तौल कहां से आई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। घटना के बाद से बच्चे का मामा फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि पिस्तौल लाइसेंसी थी या अवैध और आरोपी के पास हथियार कहां से आया। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। साथ हीं मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *