एस. पी. सक्सेना/बोकारो। शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा को लेकर बोकारो जिला के हद में कथारा क्षेत्र में तैयारियां जोरों पर हैं।
इसी क्रम में 6 सितंबर को सीसीएल कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक सह दुर्गा पूजा समिति के संरक्षक एकेबी सिंह ने विभागध्यक्ष आसैनिक कुमार शशांक देव के साथ कथारा चार नंबर स्थित दुर्गा पूजा स्थल का निरीक्षण किया। जिसमें इस वर्ष की पूजा को पिछले सभी वर्षों से अधिक भव्य, आकर्षक और सुरक्षित तरीके से मनाने पर गहन मंथन किया गया।
बताया जाता है कि महाप्रबंधक सिंह ने पूजा पंडाल के निर्माण स्थल, आने-जाने वाले मार्ग, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। भीड़ प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
मौके पर महाप्रबंधक सिंह ने कहा कि कथारा चार नंबर की दुर्गा पूजा पूरे बोकारो जिला में अपनी अलग पहचान रखती है। हमारी कोशिश है कि इस बार की पूजा न सिर्फ धार्मिक रूप से बल्कि सजावट, लाइटिंग और व्यवस्था के मामले में भी ऐतिहासिक हो। कहा कि प्रबंधन की तरफ से समिति को हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने समिति के सदस्यों से सुझाव भी मांगे कि मेले को और कैसे बेहतर बनाया जा सकता है, ताकि अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालू पारिवारिक माहौल में पूजा का आनंद ले सके।
इस अवसर पर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष प्रदीप यादव, सचिव अजय कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष सी एस प्रसाद सहित सभी पदाधिकारियों ने महाप्रबंधक का आभार व्यक्त किया और भरोसा दिलाया कि वे प्रशासन के साथ मिलकर एक अनुशासित और भव्य पूजा का आयोजन करेंगे। यहां सुरक्षा, साउंड सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे लगाने और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा को लेकर भी निर्णय लिए गए।
मौके पर दुर्गा पूजा समिति के विजय यादव, प्रो.श्याम नंदन मंडल, मथुरा सिंह यादव, सुनीता सिंह, संतोष सिन्हा, वेदव्यास चौबे, सुजीत मिश्रा, सुरेश ठाकुर, प्रमोद यादव, बिन्दुचन्द हेम्ब्रम, अमनदीप सिंह, बिखम कुमार, हरिहर नोनिया, साधु तुरी सहित दर्जनों पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply