Advertisement

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान में बालिकाओं के लिए फुटबॉल, वॉलीबॉल एवं खो-खो

खेलेंगी बेटियाँ, बढ़ेगा आत्मविश्वास, यही है सशक्तिकरण का प्रयास-डॉ सुमन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिले में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण शाखा द्वारा सी-3 संस्था के तकनीकी सहयोग से 9 सितंबर को बालिकाओं के लिए खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता जिला के हद में चास प्रखंड के राजकीयकृत उच्च विद्यालय लकड़ाखंदा एवं पीएमश्री पंचानन राजबाला +2 उच्च विद्यालय सतनपुर में आयोजित किया गया। इस दौरान बालिकाओं के बीच फुटबॉल, वॉलीबॉल एवं खो-खो प्रतियोगिता कराई गईं।

प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास विकसित करना तथा उन्हें यह संदेश देना कि कोई भी खेल ऐसा नहीं है, जिसे वे नहीं खेल सकती। शिक्षा के साथ-साथ बालिकाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

खेल प्रतियोगिता के माध्यम से बालिकाओं में खेल के प्रति रुचि एवं सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना विकसित करने का प्रयास किया गया। प्रतियोगिता में बालिकाओं ने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर उपस्थित बालिकाओं को संबोधित करते हुए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी (डीएसडब्ल्यूओ) डॉ सुमन गुप्ता ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को समान अवसर एवं उचित प्रोत्साहन प्रदान कर उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए सक्षम बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल के समन्वय से बालिकाओं के सशक्त, स्वस्थ एवं अनुशासित व्यक्तित्व का निर्माण संभव है। ऐसे आयोजन बालिकाओं में छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ-साथ उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उप-विजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनय कुमार पांडेय, सेवा दास हेम्ब्रम, शारीरिक शिक्षक आशुतोष कुमार एवं अरुण मिश्रा सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *