एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के बांध पंचायत भवन में वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्य योजना के तहत जीपीडीपी (ग्राम पंचायत डेवलपमेंट प्लान) की विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। अध्यक्षता पंचायत की मुखिया मुरली देवी ने की।
उक्त जानकारी 24 अगस्त को मुखिया पुत्र सह समाजसेवी बबलू कुमार यादव ने दी। यादव ने बताया कि आयोजित ग्राम सभा का मुख्य उद्देश्य पंचायत क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए ग्रामीणों की सहभागिता से योजनाओं का चयन करना था।
ग्राम सभा में 16वें वित्त आयोग, डीएमएफटी मद, मनरेगा सहित अन्य विभागीय योजनाओं के तहत नए कार्यों का चयन प्राथमिकता के आधार पर किया गया। ग्राम सभा में सड़क, नाली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण, तालाबों के जीर्णोद्धार और रोजगार सृजन से जुड़ी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गयी।
इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं, जिसके बाद सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर योजनाओं की सूची तैयार की गई। मौके पर मुखिया मुरली देवी ने कहा कि ग्राम सभा में चयनित सभी योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा और विकास कार्यों में पारदर्शिता बरती जाएगी।
इस अवसर पर पंचायत सचिव मौसीना परवीन, रोजगार सेवक मोईनुद्दीन अंसारी, पंचायत समिति सदस्य चंद्रदेव यादव, वार्ड सदस्य गुलटन यादव, यशोदा देवी, अनिता देवी, पंचायत सहायक अजय यादव, समाजसेवी बबलू यादव, औषधि कुमारी, अंजना देवी, सुधा देवी, पूनम देवी, कुसुम देवी, प्रदीप यादव, अरविंद कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष रहिवासी उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply