Advertisement

त्योहारों को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग के सघन जांच में 12 किलोग्राम जलेबी नष्ट

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला उपायुक्त एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देशानुसार त्योहारों के अवसर पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने तथा आमजनों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

बताया जाता है कि जांच के क्रम में 15 अक्टूबर को बोकारो जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं पूजा पंडालों के आसपास स्थित लगभग 28 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गुलाब लकड़ा, पूजा कुमारी एवं एम.ए. आलम द्वारा किया गया।

जानकारी के अनुसार निरीक्षण के दौरान अखाद्य रंग का प्रयोग कर तैयार की गई लगभग 12 किलोग्राम जलेबी को नष्ट कराया गया। साथ ही, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के उद्देश्य से रसगुल्ला, पनीर आदि के नमूने संग्रहित कर जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला रांची भेजे गए। इसके अतिरिक्त एफएसएसएआई पंजीकरण/लाइसेंस के बिना खाद्य कारोबार करने वाले व्यवसायियों को नियमानुसार नोटिस जारी किया गया।

ज्ञात हो कि, अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी बोकारो द्वारा सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं भंडारण के दौरान निर्धारित गुणवत्ता मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंगों का प्रयोग नहीं करने तथा बाहर से आने वाली सिंथेटिक एवं नकली मिठाइयों, पनीर एवं अन्य खाद्य पदार्थों की खरीद-बिक्री के दौरान विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। स्पष्ट कहा गया है कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके अंतर्गत बनाए गए नियमों एवं विनियमों का उल्लंघन करने वाले खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ध्यान देने योग्य है कि खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा आम रहिवासियों से अपील किया गया है कि त्योहारों के दौरान खाद्य सामग्री की खरीदारी करते समय उसकी गुणवत्ता, स्वच्छता एवं विश्वसनीयता पर विशेष ध्यान दें तथा मिलावट की आशंका होने पर संबंधित विभाग को सूचित करें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *