Advertisement

तेनुघाट में पेयजल संकट को ले ग्रामीणों का हल्ला बोल, 7 सूत्री मांगों को लेकर जुलूस

प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड में गहराते पेयजल संकट के अविलंब निदान की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने 9 सितंबर को बेरमो अनुमंडल मुख्यालय तेनुघाट में जोरदार प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार सैकड़ो की संख्या में पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीण तेनुघाट बस स्टैंड प्रांगण में जुटे और जुलूस बनाकर नारेबाजी करते हुए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तेनुघाट प्रमंडल कार्यालय पहुंचे। जुलूस का नेतृत्व झारखंड आंदोलनकारी एवं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के बोकारो जिला सचिव इफ्तेखार महमूद ने किया।

ग्रामीणों की 7 सूत्री मुख्य मांगो में गोमिया प्रखंड के हद में हुरलुंग, सीधाबारा सहित सात पंचायतों के लिए निर्मित जरकुंडा संयुक्त जलापूर्ति योजना से अविलंब जलापूर्ति शुरू करना, गोमिया के लटकूटा, बैंक मोड़, ससबेड़ा पूर्वी एवं ससबेड़ा पश्चिमी में रोकी गई जलापूर्ति चालू करना, पांच पंचायतों के लिए बन रही टीकाहारा जलापूर्ति योजना का 2 साल से बंद कार्य चालू करना, 4 साल से बंद बड़की पुन्नू जलापूर्ति योजना को चालू करना, पूर्वी साड़म ग्रामीण जलापूर्ति योजना का जल संसाधन विभाग से अविलंब अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना, पेटरवार तथा कसमार प्रखंड के लिए निर्मित इंटेक वेल को चालू करना तथा पहाड़ में बसे बिरहोर डेरा, आसनापानी और हल्वे में डीप बोरिंग की व्यवस्था करना शामिल है।

इस अवसर पर जुलूस के बाद प्रदर्शन एवं सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए झारखंड आंदोलनकारी इफ्तेखार महमूद ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में गोमिया में पेयजल समस्या गंभीर हो गई है। संरचनाओं का निर्माण तो होता है, लेकिन उनसे जलापूर्ति नहीं होती। दर्जनों जलमीनार वर्षों से बने पड़े हैं पर उपयोग में नहीं हैं। सरकारी पैसे की उपयोगिता सुनिश्चित नहीं हो रही है।

आदिवासी महासभा के बोकारो जिलाध्यक्ष महेंद्र मुंडा ने कहा कि विभाग को स्पष्ट करना चाहिए कि संरचनाओं का निर्माण जलापूर्ति के लिए होता है या सिर्फ राशि खर्च करने के लिए। कुर्मी समाज के अध्यक्ष उमेश महतो ने कहा कि क्षेत्र के विधायक के पेयजल स्वच्छता मंत्री रहने के बावजूद रहिवासियों को पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

सभा को किसान सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष पंचानन महतो, भाकपा के गोमिया अंचल सचिव सोमर मांझी ने भी संबोधित किया। सभा की अध्यक्षता महिला नेत्री शाहजहां खातून तथा संचालन देवानंद प्रजापति ने किया। मौके पर भाकपा के जिला कोषाध्यक्ष चुंबन महतो, जिला परिषद सदस्य उमाचरण रजवार, नंदलाल महतो, महेश रजवार, मणिलाल बास्के, मौजीलाल महतो, दसई रविदास, चमन केवट, राजेश करमाली, मुकुंद साव, समीर कुमार हलदार, खुर्शीद आलम, अनवर रफी, आनंद कुमार सिन्हा, बढ़न महतो सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *