ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में तेनुघाट स्थित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेरमो के कार्यालय कक्ष में 5 सितंबर को मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रविंद्र कुमार सिंह ने की।
बैठक में अनुमंडल में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने मासिक अपराध नियंत्रण बैठक की। बैठक में बेरमो अनुमंडल के सभी थाना प्रभारी एवं पुलिस निरीक्षक मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्र के विधि-व्यवस्था, लंबित कांडों, वारंट, कुर्की-जब्ती, अवैध खनन, शराब कारोबार एवं दुर्गा पूजा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।
एसडीपीओ ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में नियमित गश्ती तेज करने का निर्देश दिया। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने को कहा। सभी अधिकारी अपने-अपने थानों की प्रगति रिपोर्ट लेकर बैठक में शामिल हुए। किस थाना से कितना केस निष्पादित हुआ इस पर चर्चा की गयी।
एसडीपीओ ने अपराध की रोकथाम के लिए थाना क्षेत्रों में नियमित गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही अवैध शराब, मादक पदार्थों के कारोबार, जुआ एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया।
बैठक में महिला एवं बाल अपराध से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने, आम जनों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने तथा पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान आगामी पर्व-त्योहारों एवं विभिन्न आयोजनों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
बैठक में बोकारो थर्मल थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर पिंकू कुमार यादव, बेरमो थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर रोहित कुमार सिंह, गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो, पेंक नारायणपुर थाना प्रभारी नीतीश कुमार, पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा, गांधीनगर थाना प्रभारी धनंजय सिंह, दुग्दा थाना प्रभारी मनीष कुमार, बोकारो-झरिया ओपी प्रभारी श्रीनिवास कुमार सिंह, कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो सहित अन्य थानों के प्रभारी आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply