अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव ने 29 अगस्त को जिला के हद में भूमि सुधार उपसमाहर्ता (डीसीएलआर) कार्यालय सोनपुर का औचक निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्थापना शाखा, अभिलेखों के संधारण और कार्यालय की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। उन्होंने म्यूटेशन अपील, व्यवहार न्यायालय से जुड़े मामलों और दाखिल-खारिज से संबंधित पत्रावलियों की स्थिति जानी तथा लंबित मामलों के निष्पादन की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी अभिलेखों को अद्यतन, व्यवस्थित और सुरक्षित रखने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर डीएम ने कहा कि कार्यों के निष्पादन में पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोपरि होनी चाहिए। आम जनों के राजस्व संबंधी कार्यों में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों में आम जनों को ससमय सेवा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी आवेदनों की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर अपर समाहर्ता मुकेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सोनपुर स्निग्धा नेहा, डीसीएलआर सोनपुर राधे श्याम कुमार मिश्रा सहित कार्यालय के सभी कर्मी उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply