एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। कोल इंडिया लिमिटेड की अनुशंगी सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के तत्वावधान में बीते 3 सितंबर से 5 सितंबर तक झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव में आयोजित तीन दिवसीय अंतर-क्षेत्रीय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का 5 सितंबर को भव्य समापन किया गया।
सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों के बीच बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण मुकाबला देखने को मिला। तीन दिनों तक चले इस खेल आयोजन में खिलाड़ियों ने अपनी उत्कृष्ट तकनीक, फुर्ती और खेल कौशल का प्रदर्शन करने के साथ-साथ अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना की शानदार मिसाल पेश की। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
समापन समारोह में सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ महाप्रबंधक (कल्याण) संजय कुमार ठाकुर, जेएसएसपीएस एन.के. झा, महाप्रबंधक (एनआईएमसी) आर.के. सिंह, प्रबंधक (खेल) आदिल हुसैन तथा सीसीएल कल्याण बोर्ड सदस्य रामेश्वर मंडल एवं विनय कुमार ने विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने खिलाड़ियों के मेहनत, जुझारूपन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं, बल्कि यह मानसिक दृढ़ता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और चुनौतियों का सामना करने का आत्मविश्वास भी विकसित करता है। उन्होंने कहा कि सीसीएल प्रबंधन अपने कर्मियों के सर्वांगीण विकास तथा स्वस्थ खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के खेल आयोजनों को प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस के पुरुष और महिला वर्ग में एकल, युगल तथा टीम स्पर्धाओं के निर्णायक एवं फाइनल मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों के बीच प्रत्येक अंक के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। शानदार रैलियों, सटीक स्मैश और बेहतरीन डिफेंस से खिलाड़ियों ने उपस्थित खेलप्रेमियों का मनोरंजन किया।
फाइनल मुकाबलों के सफल समापन के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों और टीमों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त कर खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
आयोजित प्रतियोगिता की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही कि उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजेता बनने वाले सभी खिलाड़ी आगामी कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) अंतर-कंपनी खेल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर गए हैं। ये खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिता में सीसीएल का प्रतिनिधित्व करते हुए कंपनी का गौरव बढ़ाएंगे। आयोजित तीन दिवसीय खेल महोत्सव खिलाड़ियों के उत्साह, आपसी सम्मान, सौहार्दपूर्ण वातावरण और भविष्य की खेल चुनौतियों का सामना करने के दृढ़ संकल्प के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
टेबल टेनिस प्रतियोगिता के महिला वर्ग के ओपन सिंगल्स विजेता सीसीएल मुख्यालय रांची की सुगंधा वर्मा, उपविजेता मुख्यालय की हीं जसप्रीत कौर कहलोन, ओपन डबल्स प्रतियोगिता की विजेता जसप्रीत कौर कहलोन एवं सुगंधा वर्मा, टीम चैंपियनशिप का विजेता सुगंधा वर्मा, जसप्रीत कौर कहलोन, अंशु मिश्रा, दिव्या चौहान एवं पूजा प्रसाद (सभी मुख्यालय)। टेबल टेनिस पुरुष वर्ग ओपन सिंगल्स के विजेता पिपरवार क्षेत्र के समरजीत कुमार, उपविजेता कुजू क्षेत्र के अशलम शायर, ओपन डबल्स के विजेता निशांत कुमार एवं अशलम शायर, टीम चैंपियनशिप विजेता निशांत परमार, गौरव चुग, मयाशंकर, राहुल मधेसिया एवं सुनील कुमार (चरही, हजारीबाग क्षेत्र) रहे।
इसी क्रम में टेबल टेनिस वेटरन्स के ओपन सिंगल्स विजेता सीएआरएस बरकाकाना के विंसेंट तिर्की, ओपन डबल्स विजेता डॉ अविनाश तिग्गा एवं पी.के. लायक रहे।
बैडमिंटन महिला वर्ग के ओपन सिंगल्स विजेता सीआरएस बरकाकाना की मंजू देवी, उपविजेता मालती कुमारी, ओपन डबल्स विजेता मालती कुमारी एवं मंजू देवी, टीम चैंपियनशिप विजेता मालती कुमारी, मंजू देवी, सुगन कुमारी, डाटा इंट्री ऑपरेटर अंजू कुमारी एवं सामान्य सहायक अंजू कुमारी रही।

बैडमिंटन पुरुष वर्ग ओपन सिंगल्स विजेता ढोरी क्षेत्र के यश सती, उपविजेता सीएचआर निखिल कुमार, टीम चैंपियनशिप विजेता अमित सिंह ग्वाल, अभय जैन, अभिषेक भारती, नितेश कुमार सिन्हा एवं विकास कुमार गुप्ता (मुख्यालय) रहे।
बैडमिंटन वेटरन्स प्रतियोगिता के ओपन सिंगल्स विजेता आम्रपाली चन्द्रगुप्त क्षेत्र के मोहन लाल सिंह, उपविजेता मुख्यालय के अविनाश कुमार तिवारी, ओपन डबल्स विजेता सीआरएस बरकाकाना तथा मुख्यालय के सुरेश कुमार विश्वकर्मा एवं अविनाश कुमार तिवारी रहे।
आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने जिस उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया, वह सीसीएल में स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली तथा खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा सकता है।
![]()













Leave a Reply