श्रद्धालुओं की मौत पीड़ादायक, परिजनों को मिले तत्काल राहत व् मुआवजा
एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान हुई भगदड़ में श्रद्धालुओं की मौत तथा मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के समीप बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से कई श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर पर गहरा दु:ख और शोक व्यक्त किया है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नायक ने 18 अक्टूबर को विज्ञप्ति जारी कर कहा कि त्योहार और आस्था के अवसर पर श्रद्धालुओं के साथ इस तरह की दर्दनाक दुर्घटनाएं बेहद हृदयविदारक और चिंताजनक हैं। कहा कि जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके दर्द की भरपायी किसी भी कीमत से नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि इस दु:ख की घड़ी में वे मृतकों के शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करते हैं तथा ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और परिजनों को इस अपार दु:ख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना करते हैं। उन्होंने हादसों में घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए संबंधित राज्य सरकारों से घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
कांग्रेस प्रवक्ता नायक ने कहा कि ऐसे हादसों की निष्पक्ष जांच कर दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में धार्मिक आयोजनों और श्रद्धा स्थलों पर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। कहा कि भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को लेकर प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने केंद्र एवं संबंधित राज्य सरकारों से मृतकों के आश्रितों को तत्काल पर्याप्त मुआवजा और घायलों को समुचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
![]()













Leave a Reply