पत्रकारों को जोड़ने, नियमित बैठक व् संगठन कोष को मजबूत करने पर सहमति
प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम वेलफेयर ऑफ़ जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (एआईएसएमडब्लूए) गिरिडीह जिला समिति की महत्वपूर्ण बैठक 5 सितंबर को जिला अध्यक्ष संजय कुमार लाल की अध्यक्षता में की गयी। बैठक में आगामी राज्यस्तरीय सम्मेलन की तैयारियों सहित संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जानकारी के अनुसार बैठक के दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों, सम्मेलन की तैयारियों तथा जिले के पत्रकारों को संगठन से जोड़ने को लेकर पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपने-अपने विचार रखे। सभी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा पत्रकारों की एकजुटता को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इस दौरान गिरिडीह जिला प्रभारी अभय कुमार सिन्हा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तेजेन्द्र सिंह डिम्पल, कोषाध्यक्ष संजय ठठेरा, मिथुन तिवारी, सुमित कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
वहीं प्रदेश कानूनी सलाहकार सुभाष कटरियार की मौजूदगी में पत्रकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार विमर्श किया गया। बैठक में संगठन के आर्थिक पक्ष को मजबूत करने को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। सदस्यों ने प्रत्येक माह निर्धारित राशि संगठन के कोषाध्यक्ष के पास जमा करने पर सहमति जताई। साथ ही संगठन की गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने के लिए समय-समय पर बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए एक मजबूत और एकजुट संगठन जरूरी है। इसके लिए जिले के अधिक से अधिक पत्रकारों को एआईएसएमडब्लूए से जोड़ने तथा संगठन का विस्तार करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाध्यक्ष संजय कुमार लाल ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आगामी राज्य स्तरीय सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारी एवं सदस्य मिलकर कार्य करेंगे। संगठन पत्रकारों की समस्याओं और हितों को प्राथमिकता के साथ उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने संगठन की मजबूती, पत्रकारों की एकजुटता और संगठनात्मक गतिविधियों को और गति देने का संकल्प लिया।
![]()













Leave a Reply