खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच में 10 किलो रंगीन लड्डू और 8 किलो खराब खोवा नष्ट
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। जिला उपायुक्त बोकारो एवं अभिहित अधिकारी -सह- अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देशानुसार त्योहारों के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 अक्टूबर को बोकारो के सेक्टर चार, सेक्टर पांच एवं सेक्टर नाइन में लगभग 22 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गुलाब लकड़ा, पूजा कुमारी एवं एम. ए. आलम के नेतृत्व में चलाए गए जांच अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) का रजिस्ट्रेशन अथवा लाइसेंस नहीं लेने वाले खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किया गया। बताया जाता है कि निरीक्षण के दौरान लड्डू में अखाद्य कामधेनु (गाय छाप) रंग के इस्तेमाल के मामले में लगभग 10 किलोग्राम रंगीन लड्डू तथा लगभग 8 किलोग्राम खराब खोवा नष्ट कराया गया। इसके अलावा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए मोतीचूर के लड्डू, पनीर, रसगुल्ला आदि के नमूने लेकर राज्य प्रयोगशाला रांची भेजे गए हैं।
ज्ञात हो कि बोकारो के अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों के निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन करने तथा अखाद्य रंगों का प्रयोग नहीं करने का निर्देश दिया है। साथ ही बाहर से आने वाली सिंथेटिक एवं नकली मिठाइयों, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों की खरीद-बिक्री में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों का उल्लंघन करने वाले खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग के अनुसार त्योहारों के दौरान आम जनों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
![]()













Leave a Reply