अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड में गंगा और गंडक नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए पंचायतवार पर्यवेक्षकीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिला पदाधिकारी (डीएम) सारण के आदेश पर सोनपुर के अनुमंडल पदाधिकारी स्निग्धा नेहा द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। इन पदाधिकारियों को अपने-अपने आवंटित पंचायतों में राहत-बचाव कार्य, सामुदायिक रसोई के संचालन और अनुश्रवण तथा विधि-व्यवस्था पर सतत निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है।
अनुमंडल पदाधिकारी के आदेश के तहत सोनपुर प्रखंड की 16 और दिघवारा प्रखंड की 2 पंचायतों सहित कुल 18 पंचायतों में पदाधिकारियों को लगाया गया है। प्रभावित पंचायतों में सोनपुर प्रखंड के सबलपुर पूर्वी, सबलपुर उत्तरी, सबलपुर पश्चिमी, सबलपुर मध्यवर्ती, नजरमीरा -राहर दियारा, गंगाजल, भरपुरा, खरिक्का, कसमर, रसूलपुर, सैदपुर, नयागांव, हासिलपुर, कल्याणपुर एवं शिकारपुर शामिल हैं, जबकि दिघवारा प्रखंड के अकीलपुर एवं रामपुर आमी प्रभावित हैं।
इन पंचायतों को पूर्ण प्रभावित एवं आंशिक प्रभावित के रूप में चिह्नित किया गया है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कर्मियों के साथ समन्वय बनाकर नियमित क्षेत्र भ्रमण करने का निर्देश दिया गया है। उन्हें जलस्तर, कटाव, जलजमाव और विस्थापित परिवारों की वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट अनुमंडल प्रशासन को देनी होगी। साथ ही बाढ़ राहत शिविरों और सामुदायिक रसोई में शुद्ध पेयजल, सुखा राशन, पॉलीथिन शीट, चिकित्सा सुविधा, सरकारी नावों के सुचारू संचालन, सुरक्षा मानकों के अनुपालन तथा मवेशियों के लिए चारा एवं टीकाकरण की व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
किसी भी आकस्मिक स्थिति, कटाव या जलस्तर में अचानक वृद्धि की सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों को देने का निर्देश दिया गया है। सारण जिला प्रशासन ने सभी पदाधिकारियों को तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया है। प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। आपातकालीन संपर्क के लिए अनुमंडल पदाधिकारी सोनपुर के मोबाईल क्रमांक-9473191271 एवं अंचलाधिकारी सोनपुर का मोबाईल क्रमांक – 9031671124 जारी किया गया है।
![]()













Leave a Reply