Advertisement

सोनपुर के सबलपुर में घर-आंगन से शहीद स्मारकों तक पानी ही पानी

बभन टोली तक पहुंचा गंगा का पानी, क्रांतिकारी प्रतिमा व् पंचायत भवन घिरा

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित सबलपुर दियारा का बभन टोली सबसे ऊंचे स्थान पर बसा माना जाता रहा है, लेकिन इस बार की बाढ़ ने सारे मिथक तोड़ दिए हैं। यहां गंगा का स्तर इस कदर बढ़ा है कि टोला-मोहल्ला और पट्टी ही नहीं, एक-दूसरे से सटे घरों में जाने के लिए भी स्थानीय रहिवासियों को कमर भर पानी से होकर गुजरना पर रहा है। दरवाजे ही नहीं, गलियों के रास्ते भी पूरी तरह जलमग्न हैं। हर तरफ पानी के साथ-साथ जहरीले कीड़े-मकोड़ों का खतरा मंडरा रहा है। कुछ अपवादों को छोड़ दें तो हर घर के दरवाजे पर और सड़कों पर बाढ़ का पानी बह रहा है।

बताया जाता है कि इस वर्ष गंगा में आये बाढ़ के पानी ने क्रांतिकारियों के आवास और स्मारकों को भी नहीं छोड़ा है। अमर शहीद रामवृक्ष ब्रह्मचारी के पैतृक आवासीय परिसर में बाढ़ का पानी घुस गया है। उनके भतीजे द्वारा स्थापित प्रतिमा के नीचे तक पानी बह रहा है। सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत भवन सह अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पूरी तरह बाढ़ प्रभावित हो गया है। वहां पहुंचने के लिए कोई भी सूखा रास्ता नहीं बचा है।

बताया जाता है कि इसी परिसर में स्थित शहीद रामवृक्ष ब्रह्मचारी की प्रतिमा स्मारक स्थल चारों ओर से पानी से घिर गया है और उसके पीछे स्थित मोबाइल टावर परिसर में भी पानी घुस गया है। मध्यवर्ती पंचायत स्थित पैक्स अध्यक्ष जितेन्द्र तिवारी का दरवाजा परिसर भी जलमग्न है। निकट स्थित देवी स्थान चारों तरफ से पानी से घिर गया है।

बताया जाता है कि इसी सड़क पर कायस्थ टोली की ओर जाने वाली पूरी सड़क जलमग्न है। राम जिनीस सिंह चौक पर क्रांतिकारी राम जिनीस सिंह की प्रतिमा स्थल चारों ओर से पानी से घिरा है। पंचायत के पूर्व मुखिया दीपक शर्मा के दालान, घर के निकट बाढ़ का पानी बह रहा है। मध्यवर्ती पंचायत के सरपंच दिलीप सिंह के दरवाजा से नीचे सड़क पर पानी बह रहा है।

क्रांतिकारी ब्रह्मदेव सिंह, किसान नेता ब्रज किशोर शर्मा और अविनाश कुमार शर्मा का आवासीय परिसर पूरी तरह जल प्लावित है। घर से लेकर सड़क तक सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा है। सोनपुर के हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के सदस्य प्रो. चंद्र भूषण तिवारी, कमला दत्त तिवारी और श्रीमन्नारायण तिवारी की ठाकुरबारी परिसर भी पूरी तरह जलमग्न हो गया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *