अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 2 अक्टूबर को कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यकर्ता सम्मेलन सारण जिला के हद में श्रीनिलयम रिसॉर्ट सोनपुर में आयोजित किया गया।
विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में आगामी 7 अक्टूबर को प्रस्तावित सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियों एवं कार्यक्रम की सफलता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अध्यक्षता भाजपा सोनपुर नगर मंडल अध्यक्ष मुकेश सिंह बबलू ने जबकि मंच संचालन भाजपा जिला मंत्री राजीव सिंह ने किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय संगठन प्रभारी जन्मेजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को आगामी संगठनात्मक एवं सेवा कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
जिला प्रभारी अशोक कुमार सिंह एवं सोनपुर विधानसभा प्रभारी राजेश ओझा ने संगठन में कार्यकर्ताओं की भूमिका एवं उनके दायित्वों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समर्पण और सामूहिक सहभागिता पर निर्भर करती है।
इस अवसर पर सोनपुर के विधायक विनय सिंह ने 7 अक्टूबर को आयोजित होने वाली सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक मंडल को निर्धारित जिम्मेदारियां सौंपते हुए कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में उत्साहपूर्ण सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सभी मंडलों के कार्यकर्ता समन्वय एवं संगठनात्मक एकजुटता के साथ सम्मानजनक संख्या बल में छपरा के राजेन्द्र स्टेडियम पहुंचें, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन को सामूहिक रूप से सुना जाएगा।
विधायक ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से सेवा, समर्पण एवं राष्ट्रहित की भावना के साथ अभियान को सफल बनाने की अपील की। अंत में जिला मंत्री कृष्णा राम ने आगत अतिथियों एवं उपस्थित कार्यकर्ताओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर सिवान जिला (पश्चिमी) प्रभारी लालबाबू कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष आदित्य कुमार छोटू, दक्षिणी मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, सुनील कुमार, दीपक गुप्ता, ऋषभ, नरेश सिंह, अविनाश कुमार, संजीव कुमार सिंह, सुबोध कुमार सिंह, महेश कुमार, मंगल राय, शशिभूषण सिंह, दिव्यांशु गौतम, अरुण कुमार सिंह, बबलू सिंह, आलोक कुमार सिंह, ज्ञानसागर सिंह, दुर्गा दास सहित भाजपा के विभिन्न मंडलों के पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply