एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय के मानव संसाधन विकास विभाग (एचआरडी) द्वारा 4 सितंबर को आईटी एवं साइबर सुरक्षा तथा साइबर हाइजीन पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सीसीएल के सतर्कता विभाग के तत्वावधान में आईटी एवं साइबर सुरक्षा तथा साइबर हाइजीन विषय पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन सतर्कता जागरूकता अभियान (विएसी) 2026-27 प्रशिक्षण कार्यक्रम श्रृंखला के तहत आयोजित किया गया। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार, महाप्रबंधक (एचआरडी) एम.एफ. हक एवं महाप्रबंधक (सिस्टम) विभा उरांव की उपस्थिति रही।
आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ता के रूप में पूर्व महाप्रबंधक (सिस्टम) सीसीएल सुरेश बेहरा एवं वरिष्ठ प्रबंधक (सिस्टम) सतर्कता विभाग मोहित जैन ने प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा की मूलभूत अवधारणाओं, आधुनिक साइबर खतरों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी, डेटा सुरक्षा, साइबर हाइजीन, सीआईएल की आईटी एवं साइबर सिक्योरिटी पॉलिसी, साइबर सुरक्षा फ्रेमवर्क, क्लाउड सिक्योरिटी गवर्नेंस तथा कानूनी एवं नियामकीय अनुपालन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम को प्रतिभागियों के लिए अत्यंत संवादात्मक एवं व्यावहारिक बनाया गया। सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़ी वास्तविक कार्य स्थलीय चुनौतियों पर चर्चा की तथा विशेष रूप से अनुबंधों के क्रियान्वयन के दौरान सामने आने वाली साइबर सुरक्षा संबंधी चुनौतियों पर अपने अनुभव साझा किए।
सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार इस क्षमता निर्माण कार्यक्रम में सीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न कोयला क्षेत्रों से कुल 43 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बढ़ते साइबर खतरों के प्रति जागरूक करना, डिजिटल संसाधनों के सुरक्षित उपयोग को बढ़ावा देना तथा कार्यस्थल पर प्रभावी साइबर सुरक्षा एवं साइबर हाइजीन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक ज्ञान एवं कौशल प्रदान करना था।
![]()













Leave a Reply