अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र स्थित श्रीगजेन्द्र मोक्ष देवस्थानम् (नौलखा मंदिर) में इस वर्ष भी पंच दिवसीय झूला महा महोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा।
संस्थान के पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी लक्ष्मणाचार्य महाराज ने 22 अगस्त को बताया कि महोत्सव आगामी 25 अगस्त से 28 अगस्त तक आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष यह महोत्सव पुत्रदा एकादशी से श्रावणी पूर्णिमा तक मनाया जाता है।
स्वामी लक्ष्मणाचार्य ने बताया कि इस अवसर पर भगवान श्रीगजेन्द्र मोक्ष तिरुपति बालाजी, श्रीदेवी और श्रीभूदेवी का तिरुमंजन कर नवीन श्रृंगार से विभूषित किया जाएगा। कहा कि सहस्रधारा, पद्मधारा सहित चतुर्विध धाराओं से भगवान का अभिषेक, श्रीविष्वक्सेन पूजन, स्थापन और डोला पूजन के उपरांत भगवान श्रीबालाजी को श्रीदेवी-भूदेवी के साथ झूले पर विराजमान कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अनुष्ठान पूर्वक झूला झुलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि झूला महोत्सव कोई नवीन उत्सव नहीं है, यह अति प्राचीन है। कहा कि सतयुग से ही यह परम्परा चली आ रही है। मान्यता है कि जो भक्त डोला पर भगवान के झूले की डोरी पकड़कर झुलाते हैं, उन्हें सांसारिक विपत्तियों में नहीं झूलना पड़ता है। बताया गया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विशेष झांकियों के दर्शन होंगे, जिसमें प्रथम दिवस विश्व मोहिनी रूप, द्वितीय दिवस माखन चोरी, तृतीय दिवस पूतना वध, चतुर्थ दिवस विश्व रूप तथा पंचम दिवस प्रणय कलह की झांकी के दर्शन का सौभाग्य भक्तों को प्राप्त होगा। स्वामीजी ने बताया कि इस अवसर पर प्रतिदिन सायं 5:30 बजे से रात्रि 10 बजे तक भजन-कीर्तन एवं हरि कथा का आयोजन होगा, साथ ही प्रतिदिन प्रसाद वितरण एवं भण्डारा का दिव्य आयोजन किया जाएगा।
![]()













Leave a Reply