Advertisement

शिक्षक दिवस पर स्वामी विवेकानंद के छात्रों ने शिक्षकों को किया सम्मानित

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। देश के पूर्व राष्ट्रपति व् शिक्षाविद डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के अवसर पर 5 सितंबर को जगह जगह शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इसी क्रम में बोकारो जिला के हद में बेरमो प्रखंड के जारंगडीह स्थित स्वामी विवेकानंद स्कूल के प्रांगण में शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें उपस्थित छात्रों ने शिक्षकों को सम्मानित किया।

जानकारी के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनीता सिंह सहित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने डॉ राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका अनीता सिंह ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए सभी शिक्षकों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल अक्षर ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन जीने की कला भी सिखाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के लिए निरंतर प्रयास करने और गलतियों से सीखने की प्रेरणा दी। कहा कि विद्यार्थियों को अपने सपनों को पूरा करने के लिए जागरूक होकर प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों के लिए सबसे बड़ा उपहार विद्यार्थियों का अच्छे अंक प्राप्त कर विद्यालय और अपने माता-पिता का नाम रोशन करना है। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों के बीच मिठाई का वितरण किया। वहीं प्रधानाध्यापिका की ओर से सभी शिक्षकों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। शिक्षक दिवस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं भाषण प्रस्तुत कर शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया। मौके पर पूर्व प्रधानाध्यापक सह शिक्षक आरपी सिंह, वरीय शिक्षक विरमणि पांडेय, साजेश कुमार, मुक्ता कुमारी, रीता कुमारी, सना तबस्सुम, तनीषा कुमारी, निक्की सहित विद्यालय कर्मी एवं दर्जनों छात्र-छात्रा उपस्थित थे। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन कक्षा दसवीं की छात्रा सोनम ने किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *