Advertisement

शहीदों का सपना अधूरा, भ्रष्ट व् माफियाओं के कब्जे में झारखंड-जयराम महतो

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) सुप्रीमो सह डुमरी विधायक जयराम महतो 8 सितंबर को पहली बार सादर मार्ग से दर्जनों वाहनों के काफिले के साथ पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा पहुंचे। उन्होंने गुवा गोलीकांड के शहीदों की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होकर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर मीडिया से बातचीत में विधायक जयराम महतो ने झारखंड सरकार और राज्य की राजनीतिक व्यवस्था पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गुवा समेत झारखंड आंदोलन के तमाम शहीदों ने जिस झारखंड का सपना देखा था, वह आज भी अधूरा है। जिन अधिकारों और उद्देश्यों के लिए झारखंडियो ने अपनी जान की कुर्बानी दी, उनके अनुरूप राज्य का विकास अब तक नहीं हो पाया है।
उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन के दौरान गांव-गांव से रहिवासी घरों से निकलकर आंदोलन में शामिल हुए और कईयों ने शहादत दी। उनके अनुसार, अलग राज्य बनने के बाद अब यह सवाल उठता है कि क्या शहीदों के सपनों के अनुरूप झारखंड का निर्माण हुआ है।

डुमरी विधायक ने कहा कि झारखंड आंदोलन जेएमएम के नेतृत्व में चला था और आज हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार के सामने शहीदों के सपनों को पूरा करने की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने राज्य में भ्रष्टाचार और कथित माफिया प्रभाव को लेकर सरकार पर आरोप लगाए और कहा कि आम जन आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।

गुवा में शहीद दिवस के आयोजन और सजावट पर सवाल उठाते हुए विधायक महतो ने कहा कि होर्डिंग, पोस्टर, बैनर और पंडालों पर खर्च होने वाली राशि को कम कर शहीद परिवारों और उनके गांवों के विकास पर खर्च किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। गुवा की धरती से उन्होंने कहा कि शहीदों के नाम पर केवल आयोजन नहीं, बल्कि उनके सपनों को धरातल पर उतारने की जरूरत है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *