Advertisement

विद्यार्थियों ने मनाई दही हंडी फोड़ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, रंगारंग कार्यक्रमों ने बांधा समां

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार स्थित लीला-जानकी पब्लिक स्कूल प्रांगण में 3 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पूर्व संध्या में दही हंडी मटका फोड़ प्रतियोगिता सहित विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

जानकारी के अनुसार विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। जन्माष्टमी को लेकर पूरे विद्यालय परिसर में भक्तिमय और उत्सव का माहौल बना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नृत्य, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता सहित कई आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

वहीं नर्सरी से कक्षा तीन तक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने कृष्ण लीला पर आधारित नाट्य (ड्रामा) प्रस्तुत कर भगवान श्रीकृष्ण के जीवन के विभिन्न प्रसंगों को जीवंत कर दिया। बच्चों की मनमोहक अदाकारी ने उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। छात्रों द्वारा कृष्ण-सुदामा की प्रस्तुति ने भी खूब तालियां बटोरीं।

कठिन परिस्थितियों में धैर्य रखना सिखाते हैं श्रीकृष्ण-नीरज कुमार सिन्हा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक नीरज कुमार सिन्हा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रत्येक इंसान को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में कितनी भी कठिनाइयां और संकट आएं, हमें धैर्य बनाए रखना चाहिए और मुस्कुराते हुए उनका सामना करना चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें कर्म, सत्य, प्रेम, मित्रता और संघर्ष के बीच सकारात्मक रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने जन्माष्टमी के पावन अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

बच्चों के सर्वांगीण विकास में ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण-आजाद कुमार

विद्यालय के प्रधानाचार्य आजाद कुमार ने सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामना देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों से बच्चों में अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति रुचि बढ़ती है। साथ ही बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करने में भी ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

दही हंडी मटका फोड़ प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, सभी शिक्षक-शिक्षिका, शिक्षकेत्तर कर्मी, अभिभावक एवं छात्र-छात्रा उपस्थित रहे। पूरे परिसर में जय श्रीकृष्ण के जयघोष के साथ जन्माष्टमी का उत्सव हर्षोल्लास एवं भक्तिभाव से मनाया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *