Advertisement

राष्ट्रीय खेल दिवस पर 27 को के.बी. कॉलेज बेरमो में खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। महान हॉकी खिलाड़ी एवं देश के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम 27 अगस्त को बोकारो जिला के हद में जारंगडीह स्थित के.बी. कॉलेज बेरमो में आयोजित किया जाएगा।

देशभर में राष्ट्रीय खेल दिवस को युवा सहभागिता, खेल विकास एवं राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ व्यापक रूप से मनाया जा रहा है। इसी क्रम में देश के विभिन्न जिलों में खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसका उद्देश्य देश के युवाओं, खिलाड़ियों और खेल के भविष्य को एक साझा मंच से जोड़ना है।

कार्यक्रम के दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 27 अगस्त को देशभर के 1600 से अधिक विभिन्न स्थलों पर उपस्थित 8 लाख से अधिक युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया जाएगा। यह संबोधन देश के विभिन्न हिस्सों में मौजूद युवाओं को एक साझा राष्ट्रीय मंच से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। कार्यक्रम स्थल पर सभी अतिथियों एवं युवा प्रतिभागियों की उपस्थिति प्रातः 10 बजे तक सुनिश्चित की जाएगी। प्रधानमंत्री के संबोधन के पश्चात कार्यक्रम का मुख्य फोकस स्थानीय युवा संवाद एवं खेल से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श पर रहेगा।

इस अवसर पर माय भारत स्वयं सेवकों एवं स्थानीय खिलाड़ियों के बीच युवा संवाद का एक विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इस सत्र में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में खेल अवसंरचना में हुए विकास तथा भारत में विकसित हो रहे स्पोर्ट्स इकोसिस्टम पर चर्चा की जाएगी। इसके पश्चात लगभग 15 मिनट का युवा संवाद आयोजित किया जाएगा, जिसमें युवाओं को अपने विचार, सुझाव एवं आकांक्षाएं साझा करने का अवसर मिलेगा।

युवा संवाद के दौरान मुख्य रूप से चार विषयों पर चर्चा की जाएगी, जिसमें खेल इकोसिस्टम को मजबूत करना, जमीनी स्तर तक बेहतर खेल सुविधाएं, कोचिंग एवं खेल के अवसर उपलब्ध कराना। आगामी वर्ष 2036 तक ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं का विकास, वैज्ञानिक तरीके से प्रतिभा की पहचान तथा खिलाड़ियों के समग्र विकास पर ध्यान देना। युवा नेतृत्व एवं शासन में युवाओं की भागीदारी यथा युवाओं की निर्णय प्रक्रिया एवं शासन व्यवस्था में सक्रिय सहभागिता को बढ़ावा देना। तथा विकसित भारत के लिए युवा सशक्तिकरण यथा युवाओं को भविष्य के लिए आवश्यक कौशल, स्वयंसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के अवसरों से जोड़ना शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं से उनके सुझाव एवं विचार क्यूआर कोड के माध्यम से भी प्राप्त किए जाएंगे। साथ ही, युवाओं को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलाग (वीबीवायएलडी) क्विज राउंड में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। खेलो इंडिया संवाद का उद्देश्य केवल खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाना ही नहीं, बल्कि उन्हें खेल विकास, युवा नेतृत्व, कौशल, स्वयंसेवा एवं राष्ट्र निर्माण की व्यापक प्रक्रिया से जोड़ना है। यह कार्यक्रम युवाओं को अपने विचार रखने तथा देश के खेल एवं युवा विकास से जुड़े भविष्य के लिए अपनी भूमिका निर्धारित करने का अवसर प्रदान करेगा।

उक्त जानकारी केबी कॉलेज में 24 अगस्त को आयोजित एक प्रेस वार्ता में दी गयी। प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय सेवा योजना केबी कॉलेज कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ प्रभाकर कुमार, बोकारो जिला युवा अधिकारी गौरव कुमार, समाज सेवी बिनोद कुमार एवं शिक्षक किशोर कुमार शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *