Advertisement

राज्य के थानों में सीसीटीवी कैमरा लगाने का कैबिनेट का फैसला स्वागत योग्य-नायक

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। राज्य के सभी पुलिस थाना में सीसीटीवी कैमरा लगाने का कैबिनेट का फैसला पारदर्शी पुलिसिंग की दिशा में बड़ा कदम और स्वागत योग्य है। जनता की सुरक्षा, पुलिस की जवाबदेही और पारदर्शिता को मजबूत करेगा हेमंत सोरेन सरकार का यह महत्वपूर्ण निर्णय।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने 26 अगस्त को राज्य के सभी थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के कैबिनेट का फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार का यह निर्णय जनता के अधिकारों, पुलिस की जवाबदेही और पारदर्शी प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि थाना आम जनों के लिए न्याय और सुरक्षा का पहला संस्थागत केंद्र है। थाने के प्रवेश द्वार, रिसेप्शन, पूछताछ कक्ष, हवालात, मालखाना, पुलिस पदाधिकारी के कार्यालय एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी की प्रभावी व्यवस्था होने से पुलिसकर्मियों और आम रहिवासी दोनों के अधिकारों की बेहतर सुरक्षा होगी। इससे पुलिस कार्रवाई में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसी भी घटना की स्थिति में वास्तविक तथ्यों की निष्पक्ष जांच में मदद मिलेगी।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नायक ने कहा कि सीसीटीवी कैमरा लगाना केवल कैमरा लगाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका रिकॉर्ड सुरक्षित रखने, नियमित निगरानी और जवाबदेही की स्पष्ट व्यवस्था भी होनी चाहिए। उन्होंने सरकार को सुझाव दिया कि सीसीटीवी फुटेज के लिए पर्याप्त स्टोरेज अवधि निर्धारित की जाए तथा रिकॉर्ड से छेड़छाड़ रोकने के लिए सुरक्षित डिजिटल बैकअप और ऑडिट व्यवस्था बनाई जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस थानों में सीसीटीवी के साथ-साथ फरियादियों के लिए सिटीजन फेसिलिटेशन डेस्क, महिला एवं वरिष्ठ नागरिक सहायता काउंटर और शिकायत की ऑनलाइन ट्रैकिंग व्यवस्था को भी मजबूत किया जाना चाहिए। कहा कि थाने में शिकायत लेकर आने वाले फरियादी को उसकी शिकायत/आवेदन की प्राप्ति रसीद और शिकायत की स्थिति जानने की सुविधा मिलनी चाहिए।

प्रदेश प्रवक्ता नायक ने कहा कि पुलिस सुधार का अर्थ केवल कानून-व्यवस्था संभालना नहीं, बल्कि आमजनों के साथ सम्मानजनक व्यवहार, समयबद्ध शिकायत निवारण और कमजोर वर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। इसलिए सरकार को सभी थानों में महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती, साइबर अपराध सहायता डेस्क, बच्चों एवं महिलाओं के लिए सुरक्षित शिकायत व्यवस्था तथा दिव्यांग और बुजुर्ग नागरिकों के लिए सुगम पहुंच की व्यवस्था को भी प्राथमिकता देनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सीसीटीवी व्यवस्था का उपयोग पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के लिए भी उतना ही महत्वपूर्ण है जितना आम जन की सुरक्षा के लिए। कहा कि झूठे आरोपों और गलतफहमियों की स्थिति में सीसीटीवी फुटेज पुलिसकर्मियों के लिए भी तथ्यात्मक सुरक्षा कवच का काम करेगा। नायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार द्वारा आमजनों से जुड़े विषयों पर लिए जा रहे निर्णय यह संदेश देते हैं कि शासन का केंद्र जन सुरक्षा, सम्मान और अधिकार होना चाहिए।

कांग्रेस पार्टी आमजनों के हित में होने वाले ऐसे कदमों का स्वागत करती है और सरकार से अपेक्षा करती है कि इन फैसलों का जमीनी स्तर पर प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सरकार से मांग की कि सीसीटीवी परियोजना के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शी खरीद प्रक्रिया, नियमित रख-रखाव और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, ताकि यह योजना केवल सरकारी घोषणा बनकर न रह जाए, बल्कि हर थाना आने वाले फरियादी को वास्तविक सुरक्षा और न्याय का भरोसा दे सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *