पूर्व सांसद ने किया पेटरवार में मेला का उद्घाटन
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। शारदीय नवरात्र के सातवें दिन 17 अक्टूबर को मां दुर्गा के सप्तम स्वरूप मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना के अवसर पर गिरिडीह के पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय ने कई पूजा पंडालो का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मेलों का उद्घाटन कर माता रानी से मानव जीवन की सुख समृद्धि की कामना की।
जानकारी देते हुए पूर्व सांसद के निजी सचिव मृत्युंजय पांडेय ने बताया कि गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के बोकारो जिला के हद में गोमिया और बेरमो सहित धनबाद जिला के हद में बाघमारा क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय ने भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा श्रद्धालुओं को नवरात्र की शुभकामनाएं दी।
कहा कि शुरुआत गोमिया विधानसभा क्षेत्र के पेटरवार प्रखंड अंतर्गत पंचमुखी दुर्गा मंदिर पेटरवार से की गयी। यहां पूर्व सांसद पांडेय ने फीता काटकर दुर्गा पूजा पंडाल एवं मेले का विधिवत उद्घाटन किया। मौके पर उन्होंने मां भगवती की आराधना कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। मौके पर उद्घाटन समारोह में पेटरवार के वरिष्ठ भाजपा नेता शांतिलाल जैन, पूर्व सांसद प्रतिनिधि मुकेश ओझा, पूर्व मुखिया अजय सिंह सहित पूजा समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यगण शामिल रहे।

इसके बाद उन्होंने गोमिया विधानसभा क्षेत्र के उत्तासारा-अम्बाडीह स्थित मां वैष्णो देवी दुर्गा पूजा तथा दांतु दुर्गा पूजा समिति के पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए। वहीं, बेरमो विधानसभा क्षेत्र में उन्होंने बहादुरपुर, जैनामोड़ स्थित मां दुर्गा मंदिर, दिगार टोला तुपकाडीह, फुसरो रेलवे स्टेशन, कल्याणी परियोजना, भंडारीदह, दुग्दा गोलाई, दुग्दा मार्केट, बरगाछ एवं चंद्रपुरा रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित दुर्गा पूजा पंडालों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं से मुलाकात कर नवरात्र की शुभकामना दी।
पांडेय ने बताया कि इसके उपरांत अंत में पूर्व सांसद पांडेय ने बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के नवागढ़ स्थित बीसीसीएल कॉलोनी हरिणा बगान दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचे। यहां दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से पांडेय तथा बीसीसीएल के सीएमडी एमके अग्रवाल सहित डीपी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बीसीसीएल के विभिन्न एरिया के महाप्रबंधक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित थे।

इस अवसर पर पूर्व सांसद पांडेय ने मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने मां भगवती से प्रार्थना की कि उनकी कृपा सभी क्षेत्रवासियों पर बनी रहे तथा हर घर में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली का वास हो। मौके पर उन्होंने कहा कि नवरात्र का पावन पर्व आस्था, भक्ति और शक्ति का प्रतीक है। कहा कि यह पर्व समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारे, एकता और सकारात्मक ऊर्जा को मजबूत करने का संदेश देता है। कहा कि भ्रमण के क्रम में विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की उपस्थिति और भक्तिमय माहौल के बीच नवरात्र का उत्साह देखने को मिला है। यह क्षेत्र के लिए शुभ संकेत है।
![]()













Leave a Reply