Advertisement

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने जताया दुःख

प्रहरी संवाददाता/रांची (झारखंड)। झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इसे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

झारखंड सरकार के नगर विकास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री और गिरिडीह के विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने गहरा शोक और मर्मांतक दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

नायक ने 6 सितंबर को झारखंड की राजधानी रांची स्थित अपने कार्यालय में आयोजित शोकसभा में कहा कि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का अचानक हमारे बीच से चले जाना अत्यंत स्तब्धकारी और हृदयविदारक है। उन्होंने एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में तीन दशकों तक ज़मीनी संघर्ष किया और अपनी काबिलियत व जनता के प्रति निष्ठा के दम पर सत्ता के शीर्ष तक का सफर तय किया। वे झारखंड की अस्मिता, अधिकारों और जन-सरोकारों की एक प्रखर व बुलंद आवाज़ थे।

नायक ने मंत्री सोनू के प्रशासनिक और सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि चाहे उच्च शिक्षा में सुधार लाना हो, युवाओं की समस्याओं का समाधान करना हो या छात्रों के आंदोलनों में मध्यस्थ बनकर न्याय दिलाना हो, दिवंगत सोनू ने हमेशा एक कुशल जनसेवक और नीति-निर्धारक की भूमिका निभाई। उनके इस असामयिक अवसान से झारखंड की राजनीति में जो शून्य पैदा हुआ है, उसकी भरपाई निकट भविष्य में असंभव है।

प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने शोक संतप्त परिजनों, झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार और गिरिडीह की समस्त जनता के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि वे पुण्यात्मा को मोक्ष प्रदान करें और इस वज्रपात को सहने के लिए उनके परिवार और करोड़ों प्रशंसकों को असीम संबल व शक्ति दें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *