Advertisement

मंत्री ने तेनुघाट एफ टाइप दुर्गा पंडाल का किया उद्घाटन

प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर 17 अक्टूबर सप्तमी पूजा को बोकारो जिला के हद में तेनुघाट एफ टाइप चौक दुर्गा पूजा पंडाल का पट खोला गया। झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर मंत्री ने मां दुर्गा की आरती की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मंत्री योगेंद्र ने कहा कि दुर्गा पूजा शक्ति की उपासना का पर्व है। यह पर्व हमें बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है। मां भगवती सभी को स्वस्थ और समृद्ध बनाएं, सभी को निरोग रखें।

उन्होंने सभी से आपसी भाईचारा और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। कहा कि एफ टाइप दुर्गा पूजा समिति हर साल भव्य आयोजन करती है और हम लगभग इस मंडप में 22 वर्षों से सर झुकाते रहे हैं। हमें आने का अवसर प्राप्त होता है। दशहरा का यह पर्व समाज को एकजुट करने का कार्य करती है। सरकार सभी पूजा समितियों को हर संभव सहयोग दे रही है।

इस दौरान पूजा समिति के अध्यक्ष सुजय आनंद ने मंत्री को पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया। सदस्यों ने मंत्री का पारंपरिक रूप से स्वागत किया। मौके पर तेनुघाट पंचायत के मुखिया पति संतोष श्रीवास्तव, दीपक कुमार गुप्ता, राजेंद्र नायक, मंटू यादव, पंचायत समिति सदस्य पति, गंगा तूरी समिति के अध्यक्ष सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *