रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के सेक्टर चार एफ स्थित सूर्य मंदिर और आसपास के आवासीय क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या से स्थानीय रहिवासियों में चिंता बढ़ गई है। सुबह और शाम के समय सड़क, गली-मोहल्लों और मंदिर परिसर के आसपास कुत्तों के समूह दिखाई दे रहे हैं। इससे राहगीरों, बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय रहिवासियों के अनुसार, पिछले कुछ समय में क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या पहले की तुलना में काफी बढ़ गयी है। कई बार कुत्तों के समूह अचानक सड़क पर आ जाते हैं, जिससे बाइक और स्कूटी सवारों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। रात के समय परेशानी और बढ़ जाती है। अंधेरे में सड़क से गुजरने वाले राहगीरों के पीछे कुत्तों के दौड़ने से उनमें भय का माहौल रहता है।
बताया जाता है कि सेक्टर चार एफ सूर्य मंदिर के आसपास सुबह-शाम पूजा-अर्चना और टहलने के लिए बड़ी संख्या में आसपास के रहिवासी पहुंचते हैं। ऐसे में कुत्तों की मौजूदगी से खासकर बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी हो रही है। रहिवासियों का कहना है कि मंदिर और आसपास खुले में खाद्य सामग्री व कचरा पड़े रहने से भी कुत्तों का जमावड़ा बढ़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन से समस्या के समाधान की मांग की है। रहिवासियों का कहना है कि आवारा कुत्तों को हटाने के बजाय नसबंदी, टीकाकरण और नियमित निगरानी जैसे मानवीय उपाय किए जाने चाहिए। साथ ही खुले में कचरा फेंकने पर रोक लगाकर सफाई और कचरा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर करने की जरूरत है। स्थानीय रहिवासियों ने संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र का सर्वे कर समस्या वाले स्थानों को चिन्हित करने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम उठाए गए तो रहिवासियों एवं राहगीरों की सुरक्षा के साथ पशुओं के प्रति मानवीय व्यवहार भी सुनिश्चित किया जा सकता है।
![]()













Leave a Reply