सम्मानित होने वालों में सोनपुर के एसडीएम, सीओ सहित पांच अधिकारी शामिल
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला में इस बार आई भीषण बाढ़ के दौरान आपदा प्रबंधन टीम द्वारा किए गए राहत एवं बचाव कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 31 अधिकारी सम्मानित किए गए हैं। सम्मानित होने वालों में सोनपुर के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम( स्निग्धा नेहा, अंचलाधिकारी (सीओ) राजकुमार सहित पांच अधिकारी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार सारण के जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव ने 15 सितंबर को जिला समाहरणालय छपरा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में उक्त अधिकारियों-कर्मियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया। विदित हो कि, नेपाल में आये बाढ़ त्रासदी के बाद सारण जिले के कई प्रखंड बाढ़ की चपेट में आ गए थे। इस क्रम में जिला के हद में सोनपुर अंचल की कुल 23 पंचायतों में से 20 पंचायतें बाढ़ की चपेट में आ गई थीं। बाढ़ के कारण निचले और दियारा इलाकों के रहिवासियों सहित पशुओं को भी रहने, खाने-पीने और आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

मुश्किल हालात में अनुमंडल तथा अंचल प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम ने लगातार राहत एवं बचाव कार्य किया। बाढ़ प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया और सामुदायिक रसोई, भोजन, सूखा राशन, तिरपाल तथा स्वास्थ्य सुविधाओं सहित आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई। अब धीरे-धीरे बाढ़ का पानी कम होने लगा है और पीड़ित अपने-अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं। सोनपुर से सम्मानित होने वाले अन्य अधिकारियों मे राजस्व अधिकारी संजीव कुमार, नगर परिषद सोनपुर के सिटी मैनेजर बी.बी. भास्कर और नगर कार्यपालक पदाधिकारी रोहित कुमार शामिल हैं। इसी तरह जिला के हद में दिघवारा प्रखंड में बाढ़ राहत एवं बचाव कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने को लेकर दिघवारा सीओ मिठ्ठू प्रसाद व सीएचसी अस्पताल के प्रभारी डाॅ रौशन कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
![]()













Leave a Reply