एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। स्वास्थ्य जागरूकता और जनसेवा की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए बोकारो जिला के हद में फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के पुराना बीडीओ ऑफिस स्थित कुमार मेडिकल एंड क्लीनिक में 4 अक्टूबर को पुनः भव्य और नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लगभग 50 रहिवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने स्वास्थ्य का नि:शुल्क जांच करवाकर इस सराहनीय पहल का लाभ उठाया।
जानकारी के अनुसार आयोजित शिविर में मुख्य रूप से आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तेजी से बढ़ रही गंभीर बीमारियोंखासकर डायबिटीज (मधुमेह) और ब्लड प्रेशर (रक्तचाप) की गहन जांच की गई। शिविर में आए मरीजों का न सिर्फ परीक्षण किया गया, बल्कि उपस्थित चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा उन्हें इन बीमारियों के शुरुआती लक्षणों, जीवनशैली में बदलाव, खान-पान में सुधार और नियमित जांच के महत्व को लेकर भी जागरूक किया गया।
आयोजित शिविर का नेतृत्व कर रहे क्षेत्र के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ सुरेंद्र सिंह ने शिविर में उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा निरंतर यही प्रयास है कि स्वास्थ्य सेवाएं समाज के अंतिम और जरूरतमंद तक बिना किसी आर्थिक बाधा के पहुंचें। कहा कि आज के समय में ब्लड प्रेशर और शुगर जैसी बीमारियां आम हो गई हैं, लेकिन अगर समय रहते इनकी पहचान कर ली जाए, तो गंभीर और जानलेवा जटिलताओं से आसानी से बचा जा सकता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से जनता में स्वास्थ्य के प्रति न केवल जागरूकता आती है, बल्कि उन्हें अपने ही क्षेत्र में सुलभ इलाज भी मिल जाता है।

शिविर को सफल बनाने, इस जन-कल्याणकारी स्वास्थ्य शिविर को पूरी तरह से सफल बनाने और सुचारू रूप से संचालित करने में क्लिनिक की टीम ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम किया। मरीजों की देखभाल और जांच प्रक्रिया में विशेष रूप से एएनएम खुशबू कुमारी, एएनएम महिमा पॉल, नेहा कुमारी, अजीत कुमार, बंटी कुमार, अभिजीत कुमार, शबनम परवीन और अर्पित कुमार ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। उपरोक्त स्वास्थ्य कर्मियों की तत्परता और सेवाभाव के कारण ही 50 मरीजों की सुगमता से जांच हो पाई। स्थानीय रहिवासियों ने कुमार मेडिकल एंड क्लीनिक द्वारा लगातार किए जा रहे इस तरह के पुनीत कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।
![]()













Leave a Reply