अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित पूर्वोत्तर रेलवे महाविद्यालय में सत्र 2023-27 के पांचवें सेमेस्टर के छात्रों से इंटर्नशिप के नाम पर अधिक शुल्क वसूले जाने का विरोध किया है।
एबीवीपी के प्रांत सह मंत्री यशवंत कुमार का कहना है कि जयप्रकाश विश्वविद्यालय का आदेश है कि इंटर्नशिप कराने के लिए कोई भी महाविद्यालय छात्रों से शुल्क नहीं लेगा, साथ ही विश्वविद्यालय द्वारा शुल्क लेने का कोई लिखित आदेश भी जारी नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के अंतर्गत महाविद्यालयों ने आपसी सहमति से स्टेशनरी और सर्टिफिकेट खर्च के लिए 250 रुपये लेने का निर्णय लिया था, इसके बावजूद पूर्वोत्तर रेलवे महाविद्यालय सोनपुर में 600 रुपये वसूले जा रहे थे। इसी को लेकर 29 अगस्त को अभाविप कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय में विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के बाद महाविद्यालय के प्राचार्य विनय सिंह ने आश्वासन दिया कि विश्वविद्यालय के आदेश का पालन किया जाएगा और किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। साथ ही जिन छात्र-छात्राओं ने अधिक शुल्क जमा कर दिया है, उनके पैसे का गलत उपयोग नहीं होगा। अधिक लिया गया पैसा महाविद्यालय की आवश्यक सामग्री जैसे कंप्यूटर, कुर्सी आदि पर खर्च किया जाएगा।
इस अवसर पर एबीवीपी के प्रांत सह मंत्री कुमार ने कहा कि जिस प्रकार अन्य महाविद्यालय इंटर्नशिप के लिए शुल्क ले रहे हैं, उतना ही शुल्क पूर्वोत्तर रेलवे महाविद्यालय में भी लिया जाना चाहिए। शिक्षा में भेदभाव क्यों? साथ ही उन्होंने मांग की कि इंटर्नशिप ऑफलाइन माध्यम से शिविर लगाकर कराई जाए, क्योंकि महाविद्यालय में बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं, जिन्हें ऑनलाइन इंटर्नशिप करने में कठिनाई होती है, जिससे उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हो सकता है।
वहीं, महाविद्यालय के छात्र नेता मोहम्मद नुरैन ने कहा कि यदि महाविद्यालय प्रशासन शुल्क का सही जगह पर उपयोग नहीं करता है या उसका दुरुपयोग करता है, तो सभी छात्र संगठन चुप नहीं बैठेंगे और इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। इस दौरान मुख्य रूप से एबीवीपी सारण जिला संयोजक धीरज गुप्ता, नगर मंत्री आर्यन कुमार, नगर सह मंत्री राजीव कुमार, रीमा कुमारी, रोहन कुमार, राहुल कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply