Advertisement

डीएवी कथारा में एनसीसी कैडेट्स का सम्मान समारोह

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल कथारा के एनसीसी नेवल विंग के कैडेट्स ने अनुशासन, अदम्य उत्साह, उत्कृष्ट टीम भावना और प्रतिभा का शानदार परिचय देते हुए विद्यालय को गौरवान्वित किया है। इसे लेकर बीते 3 अक्टूबर को विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन आई के एआरओ ने नेवल विंग के कैडेट्स को सम्मानित किया।

जानकारी देते हुए डीएवी कथारा के शिक्षक बी. के. दसौंधी ने बताया कि बीते माह 15 से 24 सितंबर तक विकास विद्यालय राँची में वन झारखंड नेवल यूनिट एनसीसी राँची के तत्वावधान में आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एनुअल ट्रेनिंग कैंप) में डीएवी कथारा के कैडेट्स ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उन्होंने बताया कि दस दिनों तक चले प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स के लिए विभिन्न प्रशिक्षण एवं प्रतियोगितात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

इनमें बालक एवं बालिका वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता, परेड, टग ऑफ वॉर तथा मंच संचालन प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। डीएवी कथारा के कैडेट्स ने इन सभी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनके शानदार प्रदर्शन ने न केवल विद्यालय परिवार को गौरवान्वित किया, बल्कि शिविर में डीएवी कथारा की विशिष्ट पहचान भी स्थापित की।

उक्त शिविर में अपनी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए विद्यालय के कैडेट्स को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। डीएवी कथारा में बीते 3 अक्टूबर को प्रातः कालीन प्रार्थना सभा में आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय के प्राचार्य सह- झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी (एआरओ) डॉ जी. एन. खान ने सभी विजयी कैडेट्स को प्रमाण-पत्र प्रदान किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर उन्होंने कैडेट्स को कहा कि एनसीसी केवल वर्दी पहनने और प्रशिक्षण प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व में अनुशासन, नेतृत्व, साहस, आत्मविश्वास, सहयोग और राष्ट्रसेवा की भावना को संस्कारित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि सुदूर क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद भी विद्यालय के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर निरंतर नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर रहे हैं। कहा कि यहां के बच्चे जिस भी मंच पर जाते हैं, वहाँ अपनी मेहनत और प्रतिभा की अमिट छाप छोड़ते हैं।

उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करना केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि कैडेट्स के निरंतर अभ्यास, अनुशासन, समर्पण और सामूहिक प्रयास का प्रमाण है। आज की यह उपलब्धि उनके लिए आने वाली अनेक सफलताओं की आधारशिला बने। उन्होंने कैडेट्स का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे इसी लगन और अनुशासन को अपने जीवन का हिस्सा बनाएँ तथा अपने विद्यालय, परिवार और राष्ट्र का नाम निरंतर रोशन करें। उन्होंने एनसीसी नेवल विंग के एएनओ राहुल कुमार के प्रयासों की भी विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि कैडेट्स की इस उल्लेखनीय सफलता के पीछे उनके कुशल मार्गदर्शन, सतत प्रशिक्षण और समर्पित प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

प्राचार्य सह एआरओ ने कहा कि विद्यालय में एनसीसी जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का उद्देश्य विद्यार्थियों में केवल प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना नहीं, बल्कि उन्हें अनुशासित, आत्मनिर्भर, कर्तव्यनिष्ठ और राष्ट्र के प्रति समर्पित बनाना है ज्ञात हो कि, उक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कुल 49 कैडेट्स ने सहभागिता की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स में सीरी कुमारी, गरिमा, जैनब, आयदा, अकमल, सौरभ, ओम कुमार, कृष राज, प्रिंस कुमार, आयुष कुमार, मेहुल चौहान, रौनक यादव, आरुष साव एवं प्रणय भूषण सहित अन्य कैडेट्स शामिल रहे। सभी ने शिविर के दौरान अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक दक्षता एवं टीम भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

विद्यालय की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पूरे विद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर. एस. मिश्रा, जितेंद्र दुबे, राकेश रंजन, बी. के. दसौंधी, असित कुमार गोस्वामी, तेजो मित्रा पाठक, रितेश कुमार, आराधना, रेखा कुमारी, वीणा कुमारी, मधुमल्लिका उपाध्याय, अतुल कुमार सिन्हा, खुशबू सिंह, शिव प्रकाश सिंह, ओंकार मिश्रा, संगीत कुमार, विकास सिंह, अश्विनी कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय परिवार ने सभी विजयी कैडेट्स को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि डीएवी कथारा के ये युवा कैडेट्स भविष्य में भी अपनी प्रतिभा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना से विद्यालय एवं राष्ट्र का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *