बॉक्सिंग, कराटे, टेबल-टेनिस में भी विद्यार्थियों ने जीते स्वर्ण रजत तथा कांस्य पदक
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स 2026 के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा के विद्यार्थियों ने वुशु, बॉक्सिंग, कराटे एवं टेबल टेनिस में शानदार प्रदर्शन किया है। विद्यालय के छात्रों ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ियों को 29 अगस्त को विद्यालय की प्रार्थना सभा में सम्मानित किया गया।
वुशु में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी किया गया है। पदक तालिका में स्थान बनाने वाले खिलाड़ियों में डीएवी चाइबासा में आयोजित वुशु प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग में विवेक ने कांस्य पदक, अंडर-17 बालिका वर्ग में ईशिका ने रजत पदक, अंडर-17 बालक वर्ग में आदित्य कुमार प्रसाद ने रजत पदक, कामिल रज़ा ने कांस्य पदक, मोहित पांडेय ने रजत पदक तथा दीपक घांसी ने रजत पदक प्राप्त किया है।
अंडर-19 बालिका वर्ग में संजना ने स्वर्ण पदक, बालक वर्ग में संस्कार, सोनू तथा विकास ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। जिसमें मार्गदर्शक बी.के. दसौंधी एवं प्रियंका कुमारी थे।
डीएवी बड़काकाना में आयोजित बॉक्सिंग प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग में शिवम महतो तथा गौरव कुमार ने कांस्य पदक, अंडर-17 बालिका वर्ग में पलक व् अनन्या ने रजत पदक, शिखा तथा लक्ष्मी ने कांस्य पदक, क्वैश प्रतियोगिता के बालक वर्ग में जुनैब ने स्वर्ण पदक, युवराज सिंह ने कांस्य पदक, शिवांश सिंह ने स्वर्ण पदक, तेजस सिंह तथा फरहान अंसारी ने कांस्य पदक अंडर-19 बालिका वर्ग में अनन्या ने रजत पदक, बालक वर्ग में सुंदरम साह तथा अयान रजा ने कांस्य पदक हासिल किया। इसमें मार्गदर्शक सुरजीत कुमार लाहा एवं राखी राणा थे।
डीएवी भरेच नगर में आयोजित कराटे प्रतियोगिता के अंडर-17 बालिका वर्ग में अदिति ने स्वर्ण पदक, समृद्धि ने रजत पदक, समिता ने कांस्य पदक, अंडर-19 बालक वर्ग में आदित्य अनमोल ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। इसके मार्गदर्शक सुधांशु यादव एवं रिया सिन्हा थे। डीएवी गांधी नगर में आयोजित टेबल टेनिस प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग में अमृत कुमार तथा अंशु ने कांस्य पदक प्राप्त किया। इसके मार्गदर्शक अश्विनी कुमार थे।
विद्यालय परिसर में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में कथारा ओपी प्रभारी ने पदक विजेताओं को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। विद्यालय के प्राचार्य सह- झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी. एन. खान ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण की सशक्त पाठशाला हैं। खेलों से विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास होता है। खेल अनुशासन, धैर्य, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा विपरीत परिस्थितियों में लक्ष्य प्राप्त करने की क्षमता विकसित करता है।
उन्होंने एथेंस और स्पार्टा का उदाहरण देते हुए कहा कि प्राचीन सभ्यताओं में भी खेल एवं शारीरिक प्रशिक्षण को विशेष महत्त्व दिया जाता था। कहा कि शिक्षा विद्यार्थी को ज्ञान देती है, जबकि खेल उसे जीवन की चुनौतियों का सामना करने की शक्ति देता है। मैदान में मिली जीत और हार दोनों ही जीवन के महत्वपूर्ण पाठ सिखाते हैं। हार से सीखकर आगे बढ़ना और जीत के बाद भी विनम्र बने रहना खेल भावना की पहचान है। कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश के भविष्य के राष्ट्र निर्माता हैं, इसलिए उनके सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए निरंतर अवसर एवं प्रोत्साहन देता रहेगा। उन्होंने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों, मार्गदर्शक शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित खिलाड़ियों को विशेष शुभकामनाएँ दी। ओपी प्रभारी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, समय का महत्त्व, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम की भावना विकसित करता है।
विद्यार्थियों की सफलता में शारीरिक शिक्षकों यथा शिव प्रकाश सिंह, राहुल कुमार एवं ओंकार मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह का संचालन सीसीए समन्वयक जितेंद्र दुबे ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर. एस. मिश्रा, आराधना, मधुमल्लिका उपाध्याय, ओशीन, रीति कुमारी, रंजिता पांडेय, संगीत कुमार एवं अश्विनी कुमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।
![]()













Leave a Reply