Advertisement

जामाडोबा में राइजिंग पाइपलाइन मरम्मत से दो लाख की आबादी को राहत

प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। धनबाद जिला के हद में झरिया से सटे जामाडोबा पुल के नीचे 36 इंच राइजिंग पाइपलाइन फट जाने के कारण 18 अक्टूबर की सुबह क्षेत्र के दो लाख की आबादी बुरी तरह प्रभावित हो गया। पाइप फटने से भौरा सहित आसपास के कई क्षेत्रों में जलापूर्ति बाधित हो गई। जिससे लोदना, बनियाहीर, भागा, जेलगोरा, डिगवाडीह, मोहन बाजार, सुदामडीह एवं चासनाला सहित विभिन्न क्षेत्रों के लगभग दो लाख की आबादी को पानी की समस्या का सामना करना पड़ा।

बताया जाता है कि पाइप फटने की घटना की सूचना मिलते ही धनबाद के मेयर संजीव सिंह एवं झरिया विधायक रागिनी सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पाइपलाइन की मरम्मत के लिए आवश्यक पहल की। इसके बाद झमाडा के कर्मचारियों एवं संबंधित ठेकेदारों ने सुबह से ही युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया।

बताया जाता है कि झमाडा के विधायक प्रतिनिधि राजकिशोर जेना ने मरम्मत कार्य को शीघ्र पूरा कराने के लिए सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा के अवसर पर आम जनों को जलापूर्ति की समस्या से जल्द राहत दिलाना उनकी प्राथमिकता थी। इसी उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर मरम्मत कार्य में तेजी लाने का प्रयास किया गया।

उन्होंने बताया कि इस कार्य को समय पर पूरा कराने में विभाग के कनीय अभियंता (जेई) अनमोल, आलोक, राजू एवं वाल्मीकि का महत्वपूर्ण योगदान रहा। झमाडा के कर्मचारियों एवं संबंधित ठेकेदारों के सामूहिक प्रयास से पाइपलाइन की मरम्मत निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली गई।

विधायक प्रतिनिधि जेना ने मरम्मत कार्य में योगदान देने वाले सभी कर्मचारियों एवं संबंधित रहिवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आम रहिवासियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए। कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान आमजन को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए सभी संबंधित ने तत्परता से कार्य किया, इसके लिए सभी साधुवाद के पात्र है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *