Advertisement

जयंती पर डीसी, एसपी व् डीडीसी ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन

महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करने एवं खादी को अपनाने का दिया संदेश

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा एवं उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने सेक्टर चार स्थित महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर डीसी झा ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी हमारे लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि देश में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देना तथा खादी को अपने जीवन में अपनाना स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने आमजनों से खादी के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की।

इस अवसर पर पदाधिकारियों ने सेक्टर चार स्थित सीटी सेंटर खादी भवन में महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर स्मरण किया। इस दौरान आमजनों से खादी वस्त्रों के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया। इसके उपरांत पदाधिकारियों ने सेक्टर छह स्थित पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। डीसी ने कहा कि महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री ने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि पद के साथ जिम्मेदारी और कर्तव्य भी जुड़ा होता है। हमें उनके आदर्शों को केवल जयंती के अवसर पर याद करने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने आमजनों से विशेष रूप से शास्त्रीजी की सादगी, सरलता, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता से प्रेरणा लेने की अपील की।

उपायुक्त ने इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और आदर्शों को जानने एवं उन्हें अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी में देशभक्ति, अनुशासन, जिम्मेदारी और सेवा भाव के संस्कार विकसित करना महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

मौके पर एसपी नाथू सिंह मीणा ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर राष्ट्र निर्माण तक महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने जय जवान, जय किसान का संदेश देकर देश की सुरक्षा एवं कृषि के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने बच्चों एवं युवाओं से शास्त्रीजी के मूल्यों को अपने जीवन में अंगीकार करने तथा देश एवं समाज की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।

डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने कहा कि महात्मा गांधी ने ग्राम स्वावलंबन एवं आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी पद को विशेषाधिकार के रूप में नहीं, बल्कि जनसेवा की जिम्मेदारी के रूप में देखा जाना चाहिए। कहा कि प्रत्येक इंसान को अपने दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, मेहनत और समर्पण के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य नई पीढ़ी के हाथों में है। इसलिए गांधीजी एवं शास्त्रीजी के सत्य, सादगी, स्वावलंबन, निष्ठा एवं कर्तव्य बोध जैसे मूल्यों को दैनिक जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मौके पर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों को गांधी जयंती की शुभकामनाएं दी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *