Advertisement

चाक-चौबंद होगी हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला की सड़के

सफाई व् सड़क व्यवस्था को ले डीएम ने मेला समिति के साथ किया मंथन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसे लेकर 29 अगस्त की संध्या जिलाधिकारी (डीएम) सारण वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में अनुमंडल सभागार सोनपुर में मेला समिति के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बताया गया कि इस वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आगामी 23 नवंबर से सोनपुर मेले का आयोजन होगा। बैठक में मेला को और अधिक सुव्यवस्थित, आकर्षक और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने पर विस्तृत चर्चा की गयी।
बैठक में मेला समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दो अतिरिक्त वैकल्पिक मार्गों के विकास का सुझाव दिया, जिसे जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया।

डीएम ने सड़क निर्माण एवं रख-रखाव के लिए आरसीडी, आरडब्ल्यूडी और सोनपुर नगर पंचायत को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। पार्किंग स्थलों को चिन्हित कर व्यवस्थित करने को कहा गया। मेला क्षेत्र में लाइटिंग, विद्युत पोल और तारों की समुचित व्यवस्था के लिए विद्युत विभाग को निर्देश दिए गए। पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने मेला के दौरान साफ-सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए नियमित और प्रभावी सफाई तथा निगरानी के लिए अतिरिक्त संसाधन तैनात करने का आदेश दिया। बैठक में सोनपुर मेले की पहचान रहे पशु मेला और पशु प्रदर्शनी को और बेहतर बनाने पर चर्चा की गयी। बाबा हरिहरनाथ मंदिर की भव्य आरती और अन्य धार्मिक आयोजनों को आकर्षक स्वरूप देने का निर्देश दिया गया।

मेला समिति के कलर कोडिंग से दुकानों और स्टॉलों को व्यवस्थित करने के सुझाव का डीएम ने स्वागत किया। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य आयोजन से 1-2 दिन पहले ही सभी दुकानें, स्टॉल और पंडाल पूरी तरह तैयार हो जाएं। इसके लिए नजारत शाखा को टेंडर समेत सभी प्रक्रियाएं समय से पहले पूरी करने को कहा गया।

इस अवसर पर डीएम ने कहा कि मेले के दौरान स्थानीय रहिवासियों के आवागमन में कोई परेशानी न हो, इसके लिए उन्हें चिन्हित कर विशेष लाइसेंस/पास की व्यवस्था की जाएगी। दिन में कम भीड़ के समय स्टॉलों के समीप आकर्षक कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाने के लिए डीडीसी और डीपीआरओ को संयुक्त प्लान तैयार करने को कहा गया। वहीं मेले और प्रसिद्ध कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह टुनटुन, बिनोद सिंह सम्राट, राम विनोद सिंह, जिला प्रशासन और अनुमंडल प्रशासन के सभी संबंधित अधिकारी तथा मेला समिति के सभी सदस्यगण उपस्थित थे।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला सारण जिले की ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और पशु व्यापार की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ श्रद्धालुओं, पर्यटकों, व्यापारियों और स्थानीय रहिवासियों की सुविधा के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *