Advertisement

गुवा के वीर शहीदों को विधायक ने किया नमन, सुख-समृद्धि, शांति के लिए की पूजा

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा के वीर शहीदों को नमन करते हुए 8 सितंबर को जगन्नाथपुर विधायक सह उप मुख्य सचेतक (सत्तारूढ़ दल) एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोनाराम सिंकु कांग्रेसियों के साथ गुवा स्थित शहीद स्थल पहुंचे। इस अवसर पर विधायक ने गुवा के वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन एवं श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना कर जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे झारखंडवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि गुवा के वीर शहीदों का बलिदान झारखंड की संघर्षशील पहचान और जन अधिकारों की लड़ाई का महत्वपूर्ण अध्याय है। शहीदों के त्याग और संघर्ष को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी शहादत आने वाली पीढ़ियों को अपने अधिकार, जल-जंगल-जमीन और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों का झारखंड बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर शांति, विकास और सामाजिक न्याय के मार्ग पर आगे बढ़ना होगा।

बताया जाता है कि बीते 8 सितंबर 1980 को गुवा में हुए गोलीकांड में 11 आदिवासी शहीद हो गए थे। इन शहीदों की याद में हर साल 8 सितंबर को श्रद्धांजलि दी जाती है। गुवा गोलीकांड उस आंदोलन की याद दिलाता है जो जल, जंगल, जमीन को बचाने हेतु किया गया था। गुवा गोलीकांड उस आंदोलन की याद दिलाता है जो जल, जंगल, जमीन को बचाने हेतु किया गया था। उक्त गोलीकांड झारखंड अलग राज्य अर्थात झारखंड आंदोलन, वनों पर वनवासियों का अधिकार व गुवा खदान से निकलने वाली लाल पानी से प्रभावित व बंजर हो रही खेतों को नुकसान पहुंचाने से रोकने आदि मांगों से जुड़ी है। उस गोलीकांड में दर्जनों आदिवासी आंदोलनकारी शहीद और दर्जनों घायल हुये थे।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 1980 के दशक में झारखंड आंदोलन के नाम पर राज्य के अन्य जिलों से आए ग्रामीणों द्वारा बड़े पैमाने पर सारंडा के जंगलों की कटाई कर मैदान बना, उस वन भूमि पर कब्जा करने का कार्य चल रहा था। इसके खिलाफ गुवा वन विभाग ने कार्रवाई करते हुये इस अभियान में शामिल आदिवासियों समेत कई निर्दोषों को भी पकड़ कर जेल भेजना प्रारंभ कर दिया था। हालांकि, उस समय झारखंड अलग राज्य को लेकर पूरे राज्य में व्यापक आंदोलन चल रहा था। उसी समय यह कार्य भी सारंडा में झारखंड आंदोलन के नाम पर जारी था।

इसके खिलाफ वन विभाग की उक्त कार्रवाई ने आग में घी डाल दी। परिणाम स्वरूप गुवा गोली काण्ड 8 सितम्बर 1980 को घटी थी एवं यह झारखंड राज्य के निर्माण का टर्निंग पॉइंट था। आंदोलनकारियों का मेहनत रंग लाया एवं झारखंड-बिहार राज्य से अलग हो एक नया झारखंड राज्य के रूप में परिवर्तित हुआ। इस अवसर पर दर्जनों कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय रहिवासी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *