Advertisement

गरीबों के हितैषी बने सोनपुरा पंचायत के मुखिया चंद्रशेखर हेंब्रम

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के सोनपुरा पंचायत के मुखिया चंद्रशेखर हेंब्रम गरीबों और जरूरतमंदों के हित में लगातार सक्रिय रहते हुए पंचायत के विकास को नई दिशा देने में जुटे हैं। उनके कार्यकाल में शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ-साथ पेयजल, सड़क और पंचायत स्तर की बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। ग्रामीणों के बीच उनकी पहचान एक ऐसे जनप्रतिनिधि के रूप में बनी है, जो जरूरतमंदों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए पहल करने में आगे रहते हैं।

बताया जाता है कि मुखिया हेंब्रम के कार्यकाल में पंचायत में स्वास्थ्य भवन, पंचायत भवन, पानी टंकी सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं के विकास को गति मिली है। वहीं ग्रामीण सड़कों को मुख्य सड़क से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इससे पंचायत के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर हुई है और रहिवासियों को प्रखंड एवं बाजार क्षेत्र तक पहुंचने में सहूलियत मिली है।

वहीं मुखिया चंद्रशेखर हेंब्रम पंचायत क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को प्राथमिकता देने की बात कहते हैं। उनका प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिले तथा गरीब परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े। पंचायत में बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ शिक्षा के प्रति ग्रामीणों और विद्यार्थियों को जागरूक करने पर भी जोर दिया जा रहा है। मुखिया ने 8 सितंबर को एक भेंट में कहा कि मेरे लिए पंचायत की कुर्सी पद नहीं, बल्कि जनता की सेवा करने की जिम्मेदारी है। कहा कि गरीब, मजदूर, किसान, महिला और जरूरतमंद परिवारों की समस्या मेरी अपनी समस्या है।

जब तक पंचायत के अंतिम पायदान तक विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं पहुंचता, तब तक विकास को पूरा नहीं माना जा सकता। शिक्षा और स्वास्थ्य मेरी पहली प्राथमिकताओं में शामिल है। कहा कि आने वाले समय में पंचायत में सड़क, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ काम करूंगा।

उन्होंने कहा कि पंचायत के विकास में ग्रामीणों की सहभागिता बेहद जरूरी है। सभी वर्गों को साथ लेकर सोनपुरा पंचायत को बेहतर और विकसित पंचायत बनाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि मुखिया की सक्रियता के कारण पंचायत में विकास कार्यों को लेकर रहिवासियों में उम्मीद बढ़ी है। खासकर स्वास्थ्य भवन, पंचायत भवन, पेयजल व्यवस्था और ग्रामीण सड़कों को मुख्य मार्ग से जोड़ने जैसे कार्यों से ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिला है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *