Advertisement

खेल भवन छपरा में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता शुरू

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला मुख्यालय छपरा के खेल भवन में प्रमंडल स्तरीय वार्षिक विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 का 8 अक्टूबर को विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में सारण, गोपालगंज और सिवान जिले के चयनित छात्र-छात्रा भाग ले रहे हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ अनुमंडल पदाधिकारी सदर छपरा नितेश कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इससे पूर्व राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों और आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। कहा गया कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। खिलाड़ियों को पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

प्रतियोगिता के तहत विभिन्न खेल विधाओं में मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। इसके लिए सभी आवश्यक मैदान, तकनीकी व्यवस्था और अन्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए विभिन्न खेल विधाओं में तकनीकी पदाधिकारियों और शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

आयोजन समिति के अनुसार, इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ियों को राज्य स्तर एवं उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन एवं खेल विभाग द्वारा विद्यालय स्तर से ही खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *