Advertisement

खेलगांव में तीन दिवसीय सीसीएल अंतर-क्षेत्रीय बैडमिंटन व् टेबल टेनिस प्रतियोगिता शुरु

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की रांची के खेलगांव स्थित ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव स्टेडियम में 3 सितंबर को सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) द्वारा तीन दिवसीय अंतर-क्षेत्रीय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया।

सीसीएल मुख्यालय के जनसंपर्क विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 से 5 सितंबर तक आयोजित इस खेल महाकुंभ का उद्घाटन विशिष्ट अतिथि सीसीएल के निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा एवं निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने किया। अंतर क्षेत्रीय प्रतियोगिता के उद्घाटन के अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए निदेशक(वित्त) पवन कुमार मिश्रा ने कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन और टीम वर्क की भावना का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से प्रतियोगिता के दौरान अनुशासन बनाए रखने की अपील की।

साथ ही, महिला खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे एक सकारात्मक और उत्साहजनक संकेत बताया। निदेशक(मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि उन्हें विश्वास है इस प्रतियोगिता के माध्यम से सीसीएल की उत्कृष्ट खेल प्रतिभाएं सामने आएंगी, जो आगे चलकर राष्ट्रीय एवं अंतर-कंपनी स्तर पर सीसीएल का नाम रोशन करेंगी।

तीन दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों में रोमांचक एवं कड़े मुकाबले खेले जा रहे हैं। प्रतियोगिता में कुल 189 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें मुख्य रूप से पुरुष, महिला एवं वेटरन (पुरुष) वर्ग के खिलाड़ी शामिल हैं। बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस में ओपन सिंगल्स, ओपन डबल्स एवं टीम चैंपियनशिप के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं, वेटरन वर्ग में ओपन सिंगल्स एवं ओपन डबल्स मुकाबले खेले जा रहे हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत टीम चैंपियनशिप में सीसीएल के बरका-सयाल क्षेत्र एवं मुख्यालय की टीमों ने बेहतरीन तालमेल, कौशल एवं खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए अगले दौर के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। वहीं, बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस के वेटरन वर्ग के मुकाबलों में हर्ष नाथ मिश्र एवं पवन कुमार मिश्रा ने अपने अनुभव और शानदार फॉर्म का प्रदर्शन किया।

बैडमिंटन मुकाबले में उपरोक्त दोनों निदेशको ने 21-18, 15-21 एवं 21-16 के स्कोर के साथ शानदार प्रदर्शन किया। टेबल टेनिस टीम मुकाबलों में मुख्यालय एवं चरही (हजारीबाग) क्षेत्र की टीमों ने भी उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। बताया गया कि आगामी 4 एवं 5 सितंबर को भी प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में रोमांचक मुकाबले जारी रहेंगे, जिसमें खिलाड़ी जीत के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। इस प्रतिष्ठित अंतर-क्षेत्रीय प्रतियोगिता में सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों एवं इकाइयों से खिलाड़ी पूरे उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। इनमें आम्रपाली-चंद्रगुप्त, राजहरा, रजरप्पा, गिरिडीह, कुजू, अरगडा, बीएंडके, मगध-संघमित्रा, बरका-सयाल, सीएचआर, ढोरी, मुख्यालय, कथारा, हजारीबाग, एनके, सीआरएस बरकाकाना, पिपरवार एवं एमआरएस रामगढ़ के खिलाड़ी शामिल हैं।

प्रतियोगिता के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए अनुभवी एवं कुशल तकनीकी अधिकारियों तथा रेफरी की टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये अधिकारी एवं रेफरी पूरे खेल अनुशासन एवं निष्पक्षता के साथ सभी मुकाबलों का संचालन कर रहे हैं। जनसंपर्क विभाग के अनुसार सीसीएल अंतर-क्षेत्रीय चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों को आगामी कोल इंडिया लिमिटेड अंतर-कंपनी प्रतियोगिता में सीसीएल का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा। सीआईएल अंतर-कंपनी टेबल टेनिस प्रतियोगिता नवंबर माह में, जबकि सीआईएल अंतर-कंपनी बैडमिंटन प्रतियोगिता दिसंबर माह में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *