Advertisement

कोतरे बसंतपुर पंचमो परियोजना की कार्ययोजना समयसीमा के साथ करें प्रस्तुत-डीसी

एस. पी. सक्सेना/बोकारो । बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा की अध्यक्षता में 12 अक्टूबर को जिला के हद में एम/एस केबीपीएमपीएल एवं सीसीएल के कोतरे बसंतपुर पंचमो परियोजना से संबंधित समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित कंपनी को खनन गतिविधियों से खदान बंदी तक की संपूर्ण कार्ययोजना निर्धारित समयसीमा के साथ तैयार कर समिति के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।

समन्वय बैठक में डीसी ने कहा कि परियोजना से जुड़े सभी कार्यों की स्पष्ट समयसीमा निर्धारित होनी चाहिए, ताकि भूमि सत्यापन, रैयतों के हित, रोजगार, मुआवजा एवं क्षेत्र के विकास से संबंधित विषयों पर समयबद्ध तरीके से निर्णय लिया जा सके। उन्होंने कंपनी को प्रस्तावित विकास योजनाओं, गैर-खनन क्षेत्र में भूमि के उपयोग तथा खदान बंदी के बाद पुनर्वास एवं क्षेत्र के विकास की योजना का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि पूरी कार्ययोजना पारदर्शी हो तथा संबंधित सभी बिंदुओं को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत किया जाए।

बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, संलग्न पदाधिकारी वन क्षेत्र संदीप शिंदे, जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी (एपीआरओ) अविनाश कुमार, कंपनी प्रतिनिधि एवं रैयत उपस्थित थे। वहीं, ऑनलाइन माध्यम से जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा, वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) नीतीश कुमार एवं गोमिया के अंचल अधिकारी (सीओ) अफताब आलम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी जुड़े थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *